चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र से चार लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उन्हें बिहार में बंधक बनाकर रखे जाने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को एक लड़की के पिता की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बिहार के गया से चारों लड़कियों को बरामद किया है। इनमें दो लड़कियां नाबालिग हैं। आरोपी युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जुगैल थाना क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग लड़कियां संदिग्ध हाल में लापता हो गई थीं। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। थक-हारकर एक लड़की का पिता बृहस्पतिवार को थाने पहुंचा और बेटी के लापता होने की सूचना दी। दूसरे वर्ग के एक लड़के पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक भी जताया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। सर्विलांस से सूचना के आधार पर बिहार के गया पहुंची। वहां डोभी बजौरा स्थित एक मकान के अंदर दोनों लड़कियों सहित कुल चार लड़कियों को रखा गया था। उन्हें मुक्त कराते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि लड़कियों को बरामद कर मेडिकल परीक्षण के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया है। आरोपी डब्बू उर्फ अरमान निवासी जुगैल खास को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में एसआई जितेंद्र कुमार यादव, महिला हेड कांस्टेबल मीना यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे।