चोपन। पूर्व मध्य रेलवे धनबाद मंडल के डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार की सुबह चोपन के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम उन्होंने स्टेशन परिसर, बुकिंग घर, कंट्रोल आफिस आदि का निरीक्षण किये। साफ-सफाई व अन्य कार्यों को सही तरीके से अमल में लाने का संबंधितों को दिशा-निर्देश निर्देश दिये। बता दें डीआरएम बुधवार की शाम स्पेशल शैलून से चोपन पहुंच गए थे। यही रात्रि विश्राम किए। बृहस्पतिवार को चोपन ईसीआरकेयू के शाखा अध्यक्ष उमेश सिंह एवं उपाध्यक्ष शाकिब खान ने डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया। साथ ही रेलकर्मियों के हित में कई जरूरी मुद्दों पर डीआरएम का ध्यान आकृष्ट करवाया। इसमें रेलवे आवास से जुड़ी समस्या, नाली एवं सड़क, नये आवासों का निर्माण, शुद्घ पेय जल, एवं बिजली की समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर डीआरएम ने जल्द से जल्द समस्या निदान का आश्वासन दिया। वही महिला सुरक्षा एवं जनसेवा की अध्यक्ष सावित्री देवी ने डीआरएम को चोपन बस स्टैंड की सबसे बड़ी समस्या शौचालय की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द रेलवे द्वारा एनओसी दिए जाने की मांग की। ताकि नगर पंचायत की तरफ से शौचालय का निर्माण कराया जा सके। कहा कि बस स्टैंड पर शौचालय न होने से आने-जाने वाले यात्रियों व स्थानीय दुकानदारों को काफी असुविधा होती है। सबसे बड़ी समस्या महिलाओं को होती है। इस मौके पर अमित कुमार, शशि कुमार, चोपन एईएन अजय चौधरी आईओडब्ल्यू रतन शंकर आदि मौजूद रहे।