छठ पूजा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने सोमवार को जिले के विभिन्न पूजा घाटों का निरीक्षण किया। वहां सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों का जायजा लेते हुए मातहतों को कड़े निर्देश दिए। हर घाट पर नाव, गोताखोर और सादे ड्रेस में पुलिस जवानों को तैनात करने की हिदायत दी।
डीएम टीके शिबू और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने ओबरा सेक्टर-3 के छठ घाट का जायजा लिया। इसके बाद वे चोपन पहुंचे। सोन नदी के तट पर नगर पंचायत की ओर से कराए गए इंतजामों को सराहा। ईओ महेंद्र कुमार को महिलाओं के चेंजिंग रूममैट की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन फरीदा बेगम, प्रतिनिधि उस्मान अली, एसडीएम जैनेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। सदर विधायक भूपेश चौबे के साथ डीएम-एसपी ने बढ़ौली गांव के मुख्य पोखरा पर छठ की तैयारियां देखीं। डीपीआरओ को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की टीम लगाकर अकड़हवा पोखरा की साफ-सफाई कराएं। सदर एसडीएम राजेश कुमार, सीओ राजकुमार तिवारी,ईओ प्रदीप गिरि, ग्राम प्रधान श्रीप्रकाश सोनकर आदि रहे।