पुरानी पेंशन नीति बहाल किए जाने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पश्चात मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से शासन को प्रेषित किया। लंबित मांगे परी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। ज्ञापन के माध्यम से वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के तकनीकी विभागों, निगमों, परिषदों, निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत डिप्लोमा अभियंताओं के वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। सभी ने ग्रेड पे 48 सौ किए जाने, पुरानी पेंशन नीति बहाल किए जाने की मांग की। अध्यक्षता कर रहे इंजीनियर जीतन तिवारी ने कहा कि सरकार को हमारी मांगें माननी पड़ेगी। अन्यथा की स्थिति में हर सरकारी कर्मचारी भी सरकार के प्रति आंदोलनरत होगा। संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि यदि मांगे पूरी नहीं होती है तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर पालिका, जल निगम, लघु सिंचाई, कनहर परियोजना, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज्य विद्युत परिषद सहित अन्य विभागों के विनोद भारती, योगेन्द्र सिंह, श्रवण पांडेय, नंदलाल यादव, अजय कुमार गुप्ता, प्रदीप यादव, शमशेर बहादुर, सुनील कुमार, प्रमोद चौधरी, जितेंद्र सिंह, वैष्णो मिश्रा, रामपाल, प्रेम प्रकाश, संजय विश्वकर्मा, एके सिंह, हरिशंकर, बाल गोविंद, ज्ञानेंद्र पटेल आदि रहे।