दुद्धी/घोरावल। विभिन्न मांगों को लेकर तहसील लेखपाल संघ ने मंगलवार को दुद्धी और घोरावल तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। इस दौरान आंदोलित लेखपालों ने कहा कि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। दुद्धी तहसील लेखपाल संघ अध्यक्ष राघवेंद्र वर्मा ने कहा कि लेखपाल सुदूर और पहाड़ी क्षेत्रों के गांव में जाकर कार्य करते हैं। बावजूद जिला प्रशासन लेखपालों की मांगों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने समय से वेतन का भुगतान करने, बोनस का तत्काल भुगतान देने और छठवें-सातवें वेतन आयोग के एरियर का भुगतान करने की मांग की। सचिव संतोष कुमार यादव ने कहा कि लेखपाल संवर्ग मांगों को लेकर अगले महीने के प्रथम सप्ताह में आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तहसीलदार शशि भूषण मिश्रा को मांगपत्र भी सौंपा। हृदेश, श्रीराम, अनीता, हरेंद्र सिंह, अंजना कुमारी, रामप्रकाश चौहान, राजकुमार मिश्रा, अनिल कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। घोरावल तहसील में जिलाध्यक्ष रामआसरे और तहसील अध्यक्ष योगेंद्र यादव के नेतृत्व में लेखपालों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लेखपालों को समय से वेतन, बोनस व एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनकी सर्विस पुस्तिका भी अपडेट नहीं है। तहसील अध्यक्ष ने कहा कि लेखापाल सरकारी योजनाओं व नीतियों को आम जनता तक पहुंचाते हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन प्रशासन गंभीर नहीं है। धरना प्रदर्शन के बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मनिकंडन ए. को सौंपा गया। इस दौरान सुरेंद्र गुप्ता, तेजप्रताप सिंह, मकबूल अहमद, वन्दना मलिक, सरदार भगत सिंह, इंदुशेखर त्रिपाठी, रविकांत सिंह, परमजीत सिंह, सरजू सिंह यादव, रामचरित्र, देवेंद्र इत्यादि मौजूद रहे।