बभनी। कस्बा में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पर मंगलवार को उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। दिन भर बैंक में लाइन में खड़ा कराने के बाद बगैर काम कराए बाहर भेजने का आरोप लगाया। उपभोक्ताओं ने बैंक कर्मियों के कार्यप्रणाली की जांच की मांग की। बभनी भारतीय स्टेट बैक की दुर्व्यवस्था से ग्रामीणों में असंतोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक ग्रामीणों के साथ मनमानी कर रहा है। दो बजे से बैंक में बैठे लोगों को चार बजते यह कह कर बाहर कर दिया कि समय खत्म हो गया, जबकि लोग घंटों लाइन में लगे रहे। अपनी जरूरतों के लिए घंटों इंतजार किया। उपभोक्ता दुर्गा देवी, श्रवण कुमार, गायत्री देवी, सीता कुमारी, सुकमनिया देवी, मानकुंवर, बासदेव, मोहन, देव कुमार, सीएस पांडेय का आरोप है कि बैंक मनमानी पर उतारु है और समय होने के बावजूद जबरदस्ती लोगों को बैंक के बाहर कर दे रहा है। बैंक में महीनों से प्रिंटर खराब है। मंगलवार को लोग कतार में खड़े थे। जैसे ही शाम का चार बजा लोग बैंक कैशियर ने गार्ड बुलाकर सभी को जबरदस्ती बाहर कर दिया। जब इसकी शिकायत प्रबंधक से की गई तो उन्होंने भी नियम का हवाला देते हुए लोगों को बाहर करवा दिया। बाहर निकले ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से करने की चेतावनी दी है। उधर शाखा प्रबंधक भरत कुमार सिंह ने बताया कि शाम चार बजे के बाद पैसा देने का नियम नही है। इसलिए सभी को वापस किया गया। दूसरे दिन पैसा दिया जाएगा।