सोनभद्र। धान खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानाें की सहूलियत के लिए इस बार जिले में 55 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्र एक नवंबर से सक्रिय कर दिए जाएंगे। केंद्रों पर किसान 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान बेच सकेंगे। इस दौरान उन्हें धुलाई व पल्लेदारी के रूप में 20 रुपये अतिरिक्त देना होगा। यह धनराशि बाद में उन्हें खाते में वापस कर दी जाएगी। अब तक 1300 किसानों ने धान की बिक्री के लिए पंजीकरण करा लिया है।
किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकारी क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्र एक नवंबर से सक्रिय होंगे। इससे पहले ही वहां बैनर, तौल मशीन, झरना, नमी मापक यंत्र सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने में खरीद संस्थाओं के अधिकारी लगे हुए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि क्रय केंद्र सुबह नौ से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। शासन की ओर से सामान्य श्रेणी के धान का समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। ग्रेड ए का धान 2320 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। खरीद के दौरान किसानों को धान की उतराई व ढुलाई के मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल देने होंगे। बाद में यह राशि उन्हें धान के भुगतान में जोड़कर वापस कर दी जाएगी। सभी क्रय केंद्रों पर बोरे और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पहले दिन से ही क्रय केंद्रों पर किसानाें की खरीद शुरू हो जाएगी। जिन केंद्रों पर कोई उपकरण उपलब्ध नहीं है, उसे तत्काल मंडी समिति से प्राप्त करने को कहा गया है। हर केंद्र पर रजिस्टर रखकर रोज की खरीद का विवरण दर्ज किया जाएगा।