मां-बेटी समेत पांच और डेंगू की चपेट में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फर्रुखाबाद के योगेंद्र का पुत्र श्याम उर्फ श्यामू (18) काम की तलाश में सीतापुर आया था। यहां पर हरदोई चुंगी के निकट एक रस्क फैक्ट्री में काम करता है। इसी फैक्ट्री में हरदोई का अखिलेश उर्फ कालिंदर (18) भी काम करता है।
बीते पांच दिनों से दोनों को बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर इन लोगों ने प्राइवेट चिकित्सक से जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। श्याम की प्लेटलेट्स 51 हजार, जबकि अखिलेश की प्लेटलेट्स 33 हजार के करीब हैं। प्राइवेट चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल वार्ड में भर्ती किया है। दोनों मरीजों ने बताया कि अभी अस्पताल की पैथोलॉजी लैब से उनकी जांच नहीं की गई है। वहीं शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर निवासी विनीत कुमार (25) एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा है।
बुखार से हालत बिगड़ने पर लोगों ने उसे प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया। यहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद डेंगू के लक्षण बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उसकी जांच नहीं की जा सकी है।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौबेटोला में मां-बेटी डेंगू की चपेट में आ गई हैं। यहां के निवासी जाफर की पत्नी सुबरातन (55) व पुत्री रुबीना (22) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिवार ने दोनों को प्राइवेट अस्पताल में दिखाया। यहां जांच में दोनों में डेंगू के वायरस मिले।
हालत नाजुक देख उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के इलाज में लापरवाही हो रही है। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि अस्पताल में मौजूदा हालात कुछ ऐसी ही सच्चाई बयां कर रहे हैं। यहां डेंगू पीड़ित मरीजों को सामान्य मरीजों के साथ भर्ती करा दिया गया।
अब इसे डेंगू की सच्चाई छिपाने का खेल कहें, या फिर लापरवाही। शुक्रवार को भी तीन डेंगू से पीड़ित मरीजों को डेंगू वार्ड में न रखकर अन्य वार्डों में भर्ती किया गया। मेडिकल ए वार्ड के बरामदे में डेंगू वार्ड बनाया गया है। जिसमें डेंगू के उपचार के पूरे इंतजाम हैं। वार्ड पूरी तरह से खाली पड़ा था।
सीएमओ डॉ. डॉ. हरगोविंद सिंह ने बताया कि डेंगू के संदिग्ध मरीजों को भी डेंगू वार्ड में ही भर्ती किया जाएगा। इस संबंध में सीएमएस को निर्देशित किया गया है,जो भी मरीज डेंगू पीड़ित होंगे, या फिर डेंगू का संदेह होगा, उन्हें डेंगू वार्ड में ही रखा जाएगा।