सीतापुर। शहर के लालबाग शहीद पार्क में कार्य कराए जा रहे हैं। सोमवार को डीएम अभिषेक आनंद ने अवस्थापना सुविधाओं के विकास कार्य का औचक निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी प्रगति पर कार्यदाई संस्था शिवाय इंफ्राटेक लखनऊ के प्रतिनिधि को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि सुधार न होने पर नियमानुसार दंड लगाया जाएगा।
योजना के तहत शहीद पार्क के मंच पर पत्थर लगाने का कार्य, सीसी रोड एवं पाथवे, लैंड स्केपिंग, प्लांटेशन, लाइट, साइनेज, बेंच और आरओ वॉटर कूलर के साथ वाटर कियोस्क स्थापना का कार्य प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरी गुणवत्ता के साथ कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि महान शहीदों के नाम आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किए जाएं। प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। पार्क के निर्माण क्षेत्र में अतिक्रमण का तत्काल हटवाया जाए। डीएम ने नगर पालिका की उपवन योजना के तहत बिजवार में पार्क के विकास कार्य का निरीक्षण किया। कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय में 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने को कहा।