मोहाना पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर शाम नेपाल सीमा पर स्थित पिलर संख्या 544/37 निरंजनपुर बाग के पास से तीन किलो चरस के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह ने बताया कि मोहाना थाने की पुलिस व एसएसबी गुरुवार की शाम संयुक्त चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि एक तस्कर नेपाल से चरस ला रहा है। इस पर टीम नेपाल सीमा पर स्थित निरंजनपुर गांव के बाग के पास बने पीलर संख्या 544/37 के पास पहुंच गई। इसी बीच एक युवक झोला लेकर आता दिखा। टीम ने उसने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा लिया। तलाशी में युवक के झोले से सवा तीन किलोग्राम चरस बरामद हुआ। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख रुपये है। युवक की पहचान मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर चार के निरंजनपुर गांव निवासी मनोज के रूप में हुई। पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये नकदी इनाम दिया जाएगा। टीम में थानाध्यक्ष मोहाना सौदागर राय, चौकी प्रभारी ककरहवा महेश सिंह, एसआई मनोज कुमार सिंह, निरीक्षक एसएसबी सोमपाल सिंह, सिपाही दिनेश प्रसाद, मुकेश कुमार, विजेंद्र सिंह, वीरेश, राममिलन यादव, उमेश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।