शामली। शहर के मोहल्ला राजोवाला में सुबह के समय राज मिस्त्री व मजदूर इकट्ठा होते हैं। रोज की तरह रविवार को भी सुबह मजदूर इकट्ठा हुए। इस दौरान कुछ मजदूर दुकानों के बाहर खड़े हो गए। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर खड़े होने का विरोध करते हुए मजदूरों को वहां से हटने को कहा। इस दौरान कुछ मजदूर और मिस्त्री ने विरोध किया तो शोर शराबा व हंगामा शुरू हो गया।
इसी दौरान वार्ड सभासद के पति निशिकांत संगल और अन्य गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया। मजदूरों का कहना है कि पिछले काफी समय से वे सुबह अपनी मजदूरी पर जाने के लिए कुछ समय के लिए यहां खड़े होते हैं। कुछ लोग उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें वहां से खदेड़ने की कोशिश करते हैं। दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि मजदूरों के दुकानों के बाहर खड़े होने से आने जाने का रास्ता बंद हो जाता है। कई बार महिलाओं को भी निकलने में परेशानी होती है, इसकी शिकायत पुलिस से भी की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया। उनका कहना है कि मजदूरों के खड़े होने की जगह टंकी रोड पर रेलवे फाटक के पास है, लेकिन मजदूर वहां न जाकर मोहल्ले में ही खड़े हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है जो तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

शामली मोहल्ला राजोवाला में हंगामा करते लोग- फोटो : SHAMLI

शामली मोहल्ला राजोवाला में हंगामा करते लोग- फोटो : SHAMLI