UP: पुलिस-बदमाशों के बीच आमने-सामने चलीं गोलियां, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, इस वारदात को दिया था अंजाम
Shamli News : फायरिंग होने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और खानपुर पुलिया के पास बाइक सवार दोनों युवकों को घेर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े।
विस्तार
शामली के थानाभवन में खानपुर पुलिया के समीप बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस की दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए थाना भवन के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पकड़े गए दोनों आरोपी तीन दिन पहले कस्बे में महिला के साथ हुई चेन स्नेचिंग की घटना के वांछित थे।
बृहस्पतिवार रात करीब सात बजे थाना भवन पुलिस कस्बे के उन मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय पुलिस को एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक थाना भवन की ओर आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने के लिए कहा। लेकिन पुलिस को देखकर युवकों ने बाइक दौड़ा दी। जब पुलिस ने युवकों को रोकना चाहा तो इस पर उन्होंने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
इसके बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से भाग खड़े हुए। फायरिंग होने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और खानपुर पुलिया के पास बाइक सवार दोनों युवकों को घेर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के कारण दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया।
वहीं, पूछताछ करने पर बदमाशों ने अपने नाम जावेद पुत्र मोहब्बत व दानिश पुत्र बाबू निवासी भैसानी इस्लामपुर बताया। पुलिस ने बताया कि तीन दिन पहले कस्बे के मोहल्ला शाह विलायत निवासी पूनम पत्नी जितेंद्र अग्रवाल धर्मशाला में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। जैसे ही वह शादी में शामिल होने के बाद वापस अपने घर जाने लगी तो मोहल्ला हाकिमान में दो बाइक सवार युवकों ने महिला की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
इसके बाद पुलिस उन दोनों युवकों की तलाश करने लगी। तलाशी के दौरान पुलिस को महिला से लूटी गई चेन भी उक्त आरोपियों से बरामद हो गई। उधर, सूचना मिलने के बाद सीओ श्रेष्ठा ठाकुर भी सामुदायिक चिकित्सालय में पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: Meerut: पीछे बैठे कपल को देखकर लगी गड़बड़, कैब चालक ने सीधा थाने पहुंचा दी कार, फिर हुआ चौंकाने वाला खुलासा
इन्होंने कहा...
मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इन्होंने ही तीन दिन पहले कस्बे में महिला से चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। अब पुलिस दोनों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही पुलिस ने आगे की करवाई शुरू कर दी है। - नेत्रपाल सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी
यह भी पढ़ें: मेरठ में गरजा बुलडोजर: कार्रवाई से मचा हड़कंप, 'ध्वस्तीकरण के बाद फिर किया अवैध निर्माण तो लगेगा गुंडा एक्ट'