Shamli: देवस्थल खंडित कर रखी आंबेडकर की प्रतिमा, गांव में तनाव, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
Shamli News : कुछ शरारती तत्वों ने देवस्थल खंडित कर आंबेडकर की प्रतिमा रख दी। इससे गांव में तनाव फैल गया है। जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
विस्तार
शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में देवस्थल खंडित कर उनके स्थान पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों सहित थाना प्रभारी ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी तैनात की गई है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी संजीव, शीला, कृष्णपाल ने बताया कि उन्होंने घर के निकट अपनी जमीन में देवताओं की स्थापना कर रखी थी। जहां पर उनके परिवार के लोग पूजा-अर्चना करते थे। शनिवार की रात को पड़ोस में शादी समारोह था, जिसमें सभी लोग व्यस्त थे। आरोप है कि गांव के ही कई असामाजिक तत्वों ने देवस्थल खंडित कर दिए और कहीं दूसरे स्थान पर ले जाकर छिपा दिया। मौके पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: सिपाही के घर में लगी आग, पत्नी झुलसी और एक लाख का सामान जलकर राख, देखें मौके का हाल
वहीं रविवार सुबह जैसे ही संजीव पक्ष के लोगों को मामले की जानकारी मिली तो उनमें रोष फैल गया। तनाव की स्थिति के चलते दोनों पक्ष एक-दूसरे के सामने आ गए। सूचना मिलने पर एएसपी ओपी सिंह, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य, एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव, तहसीलदार कैराना गौरव सांगवान, थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मौके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ दीपक हत्याकांड: शाहबाज-इमरान के खिलाफ बड़ा एक्शन, पुलिस ने ढोल बजवाकर चस्पा किए कुर्की के नोटिस
वहीं मौके से डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा भी हटा दी गई। कोर्ट का निर्णय आने तक दोनों पक्षों को मौके पर कोई निर्माण या मूर्ति स्थापना न करने की हिदायत दी।