‘क्रांतिकारियों का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरक’
शामली। वीवी पीजी कॉलेज शामली में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत राष्ट्रभक्ति एवं शहीदों की गाथा पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि क्रांतिकारियों का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरक है।
मंगलवार को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कहानी वाचन में प्रतिभाग करते हुए भारत की आजादी में भाग लेने वाले सभी क्रांतिकारियों के बारे में गाथा की प्रस्तुति दी। छात्र सुहेल ने क्रांतिकारियों के बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरक बताया। छात्रा राखी ने ज्योतिबा फूले, सरोजनी नायडू, एनीबेसेंट का नाम लेते हुए राष्ट्रीय आंदोलन में महिलाओं के योगदान को याद किया। निशांत कुमार और रीतू पुंडीर ने आंदोलन में महात्मा गांधी के आगमन को एक क्रांतिकारी घटना बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन को जन आंदोलन बनाया। डॉ. आंबेडकर का जीवन परिचय बताते हुए उनके योगदान की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में डॉ. प्रताप कुमार, पूजा, जीएन यादव, नारायण सिंह, निर्भय सिंह, नवनीत गर्ग और डॉ. अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डॉ. मंजू मगन, संचालन डॉ. बबली ने किया।