86 हजार के चालान का मामला: दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध पानीपत SP को भेजी रिपोर्ट, ये है पूरा मामला
UP News : 86 हजार का चालान काटने के मामला में दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध पानीपत एसपी को रिपोर्ट भेजी गई है। जानिए आखिर पूरा मामला क्या है।
विस्तार
यूपी क्षेत्र से जबरदस्ती रेत का डंफर हरियाणा में ले जाकर 86 हजार का चालान करने के मामले में सीओ ने एसपी शामली के माध्यम से हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसआई सहित चार के विरुद्ध पानीपत एसपी को रिपोर्ट भिजवाई है। आरोप है कि हरियाणा के अधिकारियों ने अपने कार्य क्षेत्र से बाहर यूपी की सीमा में जाकर डंफर ले जाने व चालान करने के मामले में गलत तरीके से ड्यूटी का निर्वाह किया है।
19 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसआई महावीर सिंह, एएसआई कुलदीप व रोशन लाल और गाड़ी चालक प्रदीप यमुना पुल पार करके यूपी के कैराना क्षेत्र में आए और अपने कार्य क्षेत्र से बाहर जाकर मामौर खनन पाइंट से गोरखपुर जा रहे रेत के डंफर को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद टीम रेत के डंफर को जबरदस्ती हरियाणा ले गई और समालखा ले जाकर डंफर का 86 हजार का चालान कर दिया।
आरोप है कि हरियाणा के अधिकारियों ने चालक की नकदी भी ले ली। अगले दिन डंफर मालिक दिलशाद निवासी मुजफ्फरनगर ने शामली में उच्चाधिकारियों से शिकायत की। जिसके बाद एसपी अभिषेक ने मामले की जांच कैराना सीओ अमरदीप मौर्य को सौंपी। मामले में रविवार को पुलिस ने हरियाणा नंबर की पुलिस लिखी बुलेरो गाड़ी भी सीज कर दी। जो हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की थी।
सीओ ने जांच के दौरान यमुना पुल पुलिस चौकी पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उक्त गाड़ी में सवार टीम डंफर को हरियाणा ले जाती हुई दिखाई दे रही थी। मामले में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की ड्यूटी में गलती पाए जाने पर सीओ ने चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाई करने के लिए रिपोर्ट भेज दी।
सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसआई महावीर सिंह, एएसआई कुलदीप व रोशन लाल और चालक प्रदीप के विरुद्ध ड्यूटी में घोर लापरवाही करने व साज करके डंफर को गलत तरीके से हरियाणा ले जाकर चालान करने के मामले में रिपोर्ट एसपी शामली को भेजी है।
यह भी पढ़ें: Blast In Factory: आठ अफसरों को भी न दिखे स्काई बम, पटाखों को बताया केमिकल, पांच मजदूरों की हुई थी दर्दनाक मौत
यह भी पढ़ें: Photos: मुजफ्फरनगर में किसानों का हल्ला बोल, भाकियू का SSP दफ्तर पर प्रदर्शन, बेरिकेड गिराया