UP: अमर पड़ताल में तत्काल टिकट बुकिंग का बड़ा खेल उजागर, ये सच जानकर रेलवे के अफसर भी हैरान, जानें पूरा मामला
Shamli News : शामली में तत्काल टिकट बुकिंग कराने के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। एक टिकट बुकिंग पर 200 से लेकर 400 रुपये तक अतिरिक्त किए जा रहे हैं। अमर उजाला पड़ताल में खुलासा हुआ तो रेलवे अधिकारी भी हैरान रह गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इसे विभागीय अधिकारियों की लापरवाही कहा जाएगा या फिर अनदेखी कि जिले के विभिन्न स्थानों पर रेलवे के तत्काल टिकट बुक कराने के नाम पर अधिक रुपये वसूलने का खेल चल रहा है।
शामली में एक टिकट बुकिंग पर 200 से लेकर 400 रुपये तक अतिरिक्त किए जा रहे हैं। जिस समय सुबह 11 बजे सिर्फ रेलवे काउंटर पर बुकिंग की जाती है, उस समय भी तत्काल बुकिंग का दावा गिरोह के सदस्य करते हैं। संवाददाता ने दस दिन तक जिले के विभिन्न जन सुविधा केंद्र संचालकों की पड़ताल की तो इसका खुलासा हुआ।
पड़ताल के दौरान बुकिंग करने वालों से कुछ इस तरह से बात हुई।
संवाददाता : (झिंझाना के जन सुविधा केंद्र के संचालक के कर्मचारी से) भाई नई दिल्ली से विशाखापट्टनम के लिए टिकट बुक करना है, तत्काल में बुकिंग हो जाएगी क्या?
कर्मचारी : हो जाएगी , सुबह 11 बजे कॉल कर लेना।
संवाददाता : कितने रुपये लगेंगे?
कर्मचारी : तुम 1250 रुपये दे देना।
संवाददाता : मगर टिकट तो 1010 का है।
कर्मचारी : इतने ही लगेंगे, कराना हो करा लो वरना रहने दो।
संवाददाता- ओके कराता हूं।
कैराना के जन सेवा केंद्र संचालक के कर्मचारी से...
संवाददाता : भाई निजामुद़्दीन से हावड़ा ब्रिज के लिए तत्काल में टिकट बुक कराना है, कितने रुपये लगेंगे।
कर्मचारी : 1060 दे देना स्लीपर के
संवाददाता : एसी के कितने ?
कर्मचारी - 2525 दे देना।
संवाददाता : मगर लगते तो कम है।
कर्मचारी: कराना हो करा लो, वरना रहने दो।
कैराना का जन सुविधा केंद्र का कर्मचारी तीन
संवाददाता : नई दिल्ली से विशाखापट्टनम के लिए टिकट बुक कराना है, तत्काल में
कर्मचारी : हो जाएगा, आधार कार्ड भेजो
संवाददाता : आई कार्ड भेजा।
कर्मचारी : 1300 रुपये लगेंगे
संवाददाता : मगर रुपये तो कम लगते हैं।
कर्मचारी : रुपये डालने के लिए बार कोड डाल दिया है, कराना हो तो बता देना।
स्थान : शामली जन सुविधा केंद्र
संवाददाता : दिल्ली से हुबली का टिकट बुक हो जाएगा क्या।
कर्मचारी: करा दूंगा, किसी ओर से कराना होगा, मोबाइल नंबर देते हुए कॉल लेना।
संवाददाता : ओके कॉल करता हूं।
संवाददाता ने शामली के नौ और जन सुविधा केंद्र का जायजा लिया, जिन्होंने तत्काल में टिकट बुक कराने की बात से इनकार कर दिया।
सुबह 11 बजे भी तत्काल में टिकट बुक करने को तैयार रहते हैं जनसुविधा केंद्र के कर्मचारी
सूत्रों के अनुसार, जन सुविधा केंद्र संचालक एसी के टिकट सुबह सवा दस बजे से, जबकि स्लीपर क्लास के तत्काल में 11:15 बजे बुक कर सकते हैं। जो टिकट पर लिखे हुए होते हैं, रेट भी वहीं लिए जाने का नियम है। मगर पड़ताल में सामने आया है कि 300 से लेकर 400 रुपये तक कर्मचारी अतिरिक्त ले रहे हैं। जिससे रेलवे को तो पूरा रुपया मिल रहा है, मगर यात्रियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रेलवे के अधिकारी ने बताया कि जन सुविधा केंद्र संचालक को टिकट बुक करने के बदले 40 से लेकर 50 रुपये तक कमीशन दिया जाता है।
- तत्काल टिकट के बारे में यह भी जानें
- ट्रेन चलने के 24 घंटे पहले शुरू होती है तत्काल की बुकिंग
- सुबह दस बजे शुरू होती है एसी क्लास के टिकटों की बुकिंग
- सुबह 11 बजे शुरू होती है स्लीपर क्लास के तत्काल टिकटों की बुकिंग
- रेलवे ने हाल ही में पकड़ा था अवैध रूप से टिकट की बिक्री करने वाला
आरपीएफ थाना पुलिस ने करीब एक माह पूर्व ही शामली के रहने वाले युवक को अवैध रूप से टिकट की बिक्री करने, यात्रियों से अधिक रुपये वसूलने के मामले में पकड़ा था, जिसका चालान किया गया था।
इन्होंने कहा...
तत्काल टिकट बुक कराने के नाम पर अतिरिक्त रुपये लेने का मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर यात्रियों से अधिक रुपये वसूलने वाले जन सुविधा केंद्र संचालकों पर शिकंजा कसा जाएगा। कुछ दिन पूर्व भी आरपीएफ ने दो आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया था। - नवीन कसाना, थाना प्रभारी, आरपीएफ शामली
यह भी पढ़ें: चर्चित मामला: बॉलीवुड एक्टर ने फिल्मी अंदाज में बरसाईं थीं गोलियां, मर्डर का वीडियो हुआ वायरल
- इन स्थितियों में मिलता है 100% रिफंड
- तत्काल टिकट बुक कराने पर 100 फीसदी रिफंड नहीं मिलता है, लेकिन विशेष परिस्थितियों में 100 फीसदी रिफंड भी मिलता है, जैसे ट्रेन का रूट डायवर्ट हो।
- ट्रेन आने में तीन घंटे या उससे ज्यादा देरी हो तो 100 फीसदी रिफंड क्लेम किया जा सकता है।
- अगर ट्रेन का रूट डायवर्ट हो गया हो और आपका बोर्डिंग और डेस्टिनेशन स्टेशन उस रूट पर न हो या अगर बदले हुए रूट पर यात्रा नहीं करना चाहते हैं तब भी 100 फीसदी रिटर्न मिलेगा।
- अगर रेलवे ने ट्रेन के साथ तत्काल कोटे के कोच को अटैच नहीं किया तो भी रिफंड क्लेम कर सकते हैं।
- यात्री बुकिंग कोटे से लोअर कोच में यात्रा करता है तो तत्काल फीस के साथ टिकट के किराए का अंतर भी रेलवे रिफंड करता है।
यह भी पढ़ें: दो हत्याओं से दहल उठा मेरठ: महिला का कत्ल कर लाश फेंकी, युवक का सिर कुचलकर मार डाला, खौफनाक हैं दोनों वारदात