शामली। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार वाहन को शुक्रवार को डीएम जसजीत कौर और सीडीओ शभूंनाथ तिवारी कृषि भवान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन के लिए जनपद के बैंक शाखा प्रबंधकों, कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों, संबंधित समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने न्याय पंचायत वार शिविर लगाकर किसानों को जागरूक करते हुए गेहूं और सरसों फसल का बीमा कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीएम व सीडीओ ने कृषि रक्षा रसायन, ट्राईकोड्रमा गेहूं बीज वितरण एवं इन-सीटू योजना के अंतर्गत कृषकों को कृषि यंत्र वितरित किए। कृषि विभाग, बीमा कंपनियों एवं सीएससी सेंटर व बैंक समन्वयकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उप कृषि निदेशक डॉ. शिवकुमार केसरी ने बताया कि जनपद के अधिकतम क्षति पूर्ति प्राप्त करने वाले 6 कृषकों को 143448 रुपये की धनराशि बैंक खाते में स्थानांतरित की गई। उन्होंने किसानों के बीच अधिसूचित फसलों, बीमित राशि, देय प्रीमियम, आवश्यक अभिलेख, दावा भुगतान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी, डॉ हरी शंकर ने बताया कि 31 दिसम्बर तक बीमा करने के उपरांत 15 जनवरी तक फसल बीमा पोर्टल पर कटौती की गई धनराशि को प्रेषित करना अनिवार्य है, अन्यथा कि दशा में क्षतिपूर्ति का लाभ मिल पाना संभव नहीं है।