Murder: शामली के युवक की सोनीपत में गोली मारकर हत्या, कपड़ों की फेरी लगाता था शाकिब
उत्तर प्रदेश के शामली निवासी युवक की सोनीपत में रविवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। शामली निवासी शाकिब हरियाणा में कपड़े की फेरी लगाता था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
सोनीपत के बहालगढ़ में रविवार देर रात एक ढाबे पर चाय पीने के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर शामली निवासी युवक को मौत के घाट उतार दिया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग से ढाबे पर बैठे लोगों में भी भगदड़ मच गई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के माध्यम से भी आरोपियों की पहचान में जुट गई है। बहालगढ़ पुलिस ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
शामली के बाबरी के रहने वाले शादाब ने बहालगढ़ थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ बहालगढ़ और हरियाणा के अन्य स्थानों पर रजाई और कंबल बेचने का काम करता हूं। बहालगढ़ में ही 12 दिन से जयप्रकाश के किराए के मकान में रह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Mini Murder Case: कलाई पर राखी बंधवाकर कभी जिसे दिया था रक्षा का वचन, उसी बहन के बेरहमी से भाई ने हर लिए प्राण
रविवार रात करीब 12 बजे कंबल, रजाई आदि बेचकर बहालगढ़ खेवड़ा रोड पर एक होटल में चाय पीने के लिए आए थे। करीब दस मिनट बाद ही बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे। तमंचे से ढाबे पर गोली चलानी शुरू कर दी।
एक गोली मेरे चाचा शाकिब(26) के सिर में लगी, जिससे शाकिब की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान होटल पर भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आशंका जताई कि बहालगढ़ के ही बंटी से हमलावरों की रंंजिश के कारण शाकिब को गोली मारी गई है। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है। बहालगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो पक्षों की रंजिश में शाकिब को गोली लगने की बात सामने आई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
बाबरी में छाया शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मामले का पता लगते ही बाबरी में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शाकिब की मां की भी एक सप्ताह पहले ही बुखार के कारण मौत हो गई थी। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए थे।