विधायकों ने विधानसभा में तख्ती लेकर किया प्रदर्शन
शामली। रालोद विधायकों ने विधानसभा सत्र के पहले दिन बढ़ती बेरोजगार, बकाया गन्ना भुगतान, आवारा पशु व बिजली के बिलों का मुद्दा उठाते हुए तख्तियां दिखाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान कराए जाने की मांग की है।
सोमवार को लखनऊ विधानसभा सत्र के पहले दिन सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने रालोद विधायकों के साथ किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि बकाया गन्ना भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। बिजली के बिल जमा न होने से किसानों के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं। आवारा पशु किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई युवाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने सभी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा रालोद विधायकों को आंदोलन जारी रहेगा। संवाद