शामली: बस की टक्कर से ई-रिक्शा सवार 13 वर्षीय बच्चे की मौत, चालक गंभीर घायल; पहचान कराने में जुटी पुलिस
शामली के कैराना में पीएनबी के पास मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा की बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में करीब 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल है।
विस्तार
शामली के कैराना में सोमवार सुबह बस और ई-रिक्शा की टक्कर में करीब 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नगर में पीएनबी के निकट सुबह करीब 10 बजे हुआ। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत चल रही बस की टक्कर से बच्चा सड़क पर गिर गया था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पीएनबी के पास बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर
कैराना। शामली जिले के कैराना नगर में सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई। पीएनबी के निकट सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत चल रही बस ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई-रिक्शा में बच्चे समेत अन्य लोग सवार थे।
टक्कर लगने से ई-रिक्शा चालक जावेद निवासी मोहल्ला आलखुर्द गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, ई-रिक्शा में सवार करीब 13 वर्षीय बच्चा सड़क पर गिर गया। सड़क पर सिर लगने से उसे गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: बासमती एक्सपोर्ट: यूरोप में बढ़ी भारतीय चावल की मांग,पेरिस व्यापार मेले में यूरोपीय खरीदारों ने दिखाई दिलचस्पी
सीएचसी में बच्चे को मृत घोषित किया
हादसे के बाद घायल चालक और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। ई-रिक्शा चालक जावेद की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
मृतक बच्चे की पहचान कराने में जुटी पुलिस
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। सीओ हेमंत ने बताया कि मृत बालक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।