शामली। माजरा रोड स्थित 85 यूपी बटालियन एनसीसी शामली में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कैडेट्स को जागरूक किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि टीबी का इलाज सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है, इसलिए इस बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति को निराश नहीं होना चाहिए। टीबी होने पर शाम के समय बुखार होना, वजन घटना, थूक के साथ खून आना, सीने में दर्द आदि लक्षण शरीर में उत्पन्न हो जाते हैं, इसलिए अगर किसी व्यक्ति को शरीर में इस प्रकार के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो उसे तुरंत अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क कर जांच करानी चाहिए। इसकी जांच बलगम के द्वारा की जाती है।
बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल आरके रोशन ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स पूरे विश्व का सबसे बड़ा युवाओं का संगठन है, जिसमें आर्मी ट्रेनिंग के साथ सामाजिक कार्यों में भी युवाओं के अंदर नेतृत्व की भावना उत्पन्न की जाती है। सभी कैडेट्स क्षय रोग के प्रति अपने गांव, गली व मोहल्लों के लोगों को जागरूक करें। साथ ही अगर किसी व्यक्ति में टीबी क्षय रोग के लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे तुरंत निकट के सरकारी अस्पताल में भिजवाने का कार्य करें। इस अवसर पर सूबेदार मेजर वीरेंद्र सिंह, सूबेदार हरेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, विजय कुमार, संजीव कुमार, रणवीर सिंह, राजेश कुमार, स्वाति, किरण पाल आदि मौजूद रहे।