UP: हनीट्रैप में फंसाकर युवक से 50 हजार वसूले, अब झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी, पीड़ित ने SP से लगाई गुहार
Shamli News : शामली में एक युवक से हनीट्रैप में फंसाकर 50 हजार रुपये वसूलने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि तीन लाख रुपये और नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
विस्तार
शामली में कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी मुस्लिम युवक ने एक महिला व उसके उसके साथियों पर हनीट्रैप में फंसाकर 50 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया। पीड़ित का कहना है कि अब उससे तीन लाख रुपये की मांग करते हुए उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने महिला की ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने सीओ कैराना को प्रकरण की जांच सौंपी है। पीड़ित ने शनिवार को शामली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी अभिषेक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब 6-7 महीने पहले उसके मोबाइल पर कॉल आई थी। महिला ने खुद को उसकी दूर की रिश्तेदारी में होना बताते हुए शामली की रहने वाली बताया। पीड़ित के मुताबिक, उसने महिला से फोन पर बात करने से मना कर दिया लेकिन, वह लगातार उसे कॉल करती रही और अपने जाल में फंसा लिया।
इसके बाद उन दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। 15 नवंबर 2023 को महिला ने षडयंत्र के तहत उसे शामली में कैराना मार्ग पर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो महिला के अलावा तीन चार लोग मौजूद थे। वहां पर महिला ने उसकी कई रिकॉर्डिंग सुनाते हुए उसे ब्लेकमैल करते हुए तीन लाख रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर ऑडियो वायरल करने व दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उसने महिला को 50 हजार रुपये दे दिए।
यह भी पढ़ें: किसान आत्मदाह का मामला: उपचार के दौरान जगबीर ने तोड़ा दम, अफसरों के फूले हाथ-पांव, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इसके बाद भी महिला व उसके साथी तीन लाख रुपये की मांग करते रहे। आरोपियों ने तीन लाख नहीं देने पर उसकी ऑडियो को एडिट कर वायरल कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी महिला ने उसके खिलाफ झिंझाना थाने में तहरीर दी है। पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने बताया कि इस प्रकरण की जांच सीओ कैराना को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पार्षदों से मारपीट मामला: सपा नेता का विवादित बयान, भाजपा के राज्यमंत्री को जिंदा जलाने की दी चेतावनी