आग की लपटों में घिरा शहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैराना रोड पर कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में शामली स्टील प्राइवेट लिमिटेड में बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे स्क्रैप के ढेर में आग लग गई। करीब आधा घंटे के भीतर की आग की लपटें और धुएं का गुब्बार आसमान में छाया, तो फैक्ट्री में मौजूद कर्मियों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। शामली से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फायर स्टेशन आफिसर सुरेश पाल ढाका ने बताया कि स्टील फैक्ट्री के स्क्रैप में लगी आग को बुझाने में सुबह करीब साढ़े नौ बज गए। स्क्रैप में आग कैसे लगी, अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं आग में हुए नुकसान के बारे में फैक्ट्री मालिक आंकलन करा रहा है। उक्त फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के लिए शामली के अलावा मुजफ्फरनगर से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गई थीं।
अपर दोआब शुगर मिल शामली के बैगास का स्टाक बुढ़ाना रोड पर दयानंदनगर मोहल्ले के पास है। वहां पर बैगास के पांच स्टाक ढेर हैं। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक ढेर में आग लगी, जिसके बाद तेज हवा के साथ बाकी चार ढेरों ने भी आग पकड़ ली। करीब दो बजे आग का पता लगा, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। शुगर मिल के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। विकराल रूप ले चुकी आग को बुझाने में दमकल कर्मी असमर्थ साबित हुए। इसके बाद मेरठ से दो, बागपत से एक, मुजफ्फरनगर से एक, पानीपत से दो, करनाल से एक और सहारनपुर से एक दमकल वाहन मौके पर बुलाया गया। रात करीब सात बजे तक बैगास के ढेरों में लगी आग बुझाने का कार्य चलता रहा। वहीं, पुलिस अधीक्षक विजय भूषण और सीओ सिटी निशांक शर्मा भी आग की सूचना पर पहुंच गए थे। शुगर मिल के सुरक्षा अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि बैगास के ढेरों में आग लगने से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कांग्रेस विधायक पंकज मलिक मौके पर पहुंचे। लापरवाही के लिए मिल प्रबंधन पर नाराजगी जताई और जांच की मांग की।
12 घंटे में हुए अग्निकांड
कंडेला स्थित शामली स्टील प्राइवेट लिमिटेड के स्क्रैप में आग लगी, कई लाख नुकसान
शामली शुगर मिल के बैगास के ढेरों में लगी आग, करीब 50 लाख रुपये का नुकसान
कैराना क्षेत्र के ऊंचा गांव में किसान राजकुमार के खेतों में रखे भूसे के कूपों और बिटौड़ों में लगी आग, करीब एक लाख रुपये का नुकसान
थानाभवन क्षेत्र में चरथावल मार्ग पर मानकखेड़ी गांव में भूसे के कूप और बिटौड़ों में लगी आग, करीब एक लाख का नुकसान