Bareilly News: नाली निर्माण के विवाद में ग्रामीण की हत्या, आरोपियों ने तमंचे से सीने पर मारी गोली
शाहजहांपुर जिले के गांव बाबूपुर में एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने मृतक के परिजनों को भी बुरी तरह पीटा।
विस्तार
शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र में नाली निर्माण के विवाद में गांव बाबूपुर निवासी वागीश नाथ दीक्षित (45) की उनके पड़ोसी सर्वेश शुक्ला ने मंगलवार सुबह तमंचे से सीने पर गोली मारकर हत्या कर दी। बचाने आए उनके परिजनों पर भी आरोपी हमलावर हो गए। इसके बाद आरोपी भाग निकले।
दोनों परिवारों के बीच रास्ते और नाली के निर्माण को लेकर एक महीने से विवाद चल रहा है। इसको लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। वागीशनाथ के परिजनों के अनुसार, मामले में थाने में कई बार शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वागीश नाथ अपने दरवाजे पर नाली का निर्माण करवा रहे थे। तभी सर्वेश सहित उनके पक्ष के 14 लोगों ने वागीश पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए उन्हें पहले पीटा गया। इसके बाद तमंचे से उन्हें गोली मार दी।
बचाने आए उनके भाई प्रमोद, बेटे आदेश, पत्नी मीरा व साले पिंटू पर भी आरोपी लाठी-डंडे और भाले लेकर हमलावर हो गए, जिसमें परिवार के लोगों को भी काफी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल वागीश नाथ को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हल्के में लेती रही नाली विवाद
एक महीने में चार बार विवाद होने के बाद भी पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। छोटे विवाद को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करने के निर्देश के बाद भी बंडा पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी रही। यही वजह थी कि हत्या जैसी वारदात हो गई।
इससे पहले नौ जुलाई को जमीन विवाद में रवि प्रकाश की हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता ने जमीन विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत भी की थी। गांव रनमस्तपुर बुजुर्ग निवासी भारतभूषण का राजेश कुमार से मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते सरस्वती की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक का साला पिंटू करीब 20 दिन पहले अपने बहनोई के घर आया था। वह यहां ट्रैक्टर चलाने लगा था। मंगलवार को विवाद में उसे भी चोट आई हैं। वागीशनाथ की मौत से पत्नी मीरा, बेटा आदेश, दीपक, नागेश, बेटी मुस्कान व शीतू का रो-रोकर बुरा हाल है।
फाॅरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
खूनी संघर्ष की सूचना के बाद पुवायां इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान, खुटार प्रभारी संजय कुमार बंडा पहुंच गए। फोर्स ने बंडा सीएचसी पर जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। आराेपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि वागीश और सर्वेश आदि के परिवार में विवाद हुआ था। गोली लगने से वागीश की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।