आलोक गुप्ता हत्याकांड: पूरे परिवार को मारने के इरादे से आए थे बदमाश, खौफजदा परिवार ने मांगी पुलिस सुरक्षा
मीरानपुर कटरा में असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता की हत्या के बाद उनका परिवार खौफजदा है। परिजनों के मुताबिक, बदमाशों का इरादा पूरे परिवार को खत्म करना था। परिजनों ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक की हत्या के बाद उनके परिजन खौफजदा हैं। परिजनों के मुताबिक, बदमाशों का इरादा पूरे परिवार को खत्म करना था। परिजनों ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है। बता दें कि मंगलवार तड़के घर में घुसे बदमाशों ने आलोक गुप्ता (36) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। विरोध पर परिवार के छह लोगों को चाकू घोंपकर घायल कर दिया था। मौके पर लोगों ने एक आरोपी शाहबाज को पकड़ लिया था। कोर्ट ले जाते समय उसने दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की मुठभेड़ में वह मारा गया।
आलोक के छोटे भाई प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मंगलवार तड़के तीन से चार बजे के बीच पूरा परिवार सोया हुआ था। चार बदमाश छत के जरिये नीचे आए और कमरे में सो रहे आलोक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। आलोक की चीख पर भाभी खुशबू उठ गईं तो उन्हें भी चाकू मार दिया। चीख-पुकार सुनकर वह भागकर आया तो पीछे पीछे पिता सुधीर गुप्ता भी आ गए। उन लोगों ने शाहबाज को पकड़ने का प्रयास किया। शाहबाज लगातार चाकू चलाता रहा। इससे उसे और पिता को भी कई जगह चाकू लग गया।
मौके से पकड़ा गया था शाहबाज
शोरशराबा सुनकर पड़ोस के लोग घर के बाहर इकट्ठे होने लगे। खुद को घिरता देखकर शहरोज व अन्य दो बदमाश जीने से चढ़कर छत पर पहुंचे और वहां से गली में उतर गए। मैंने और पिता सुधीर ने शाहबाज को दबोच लिया और 15-20 मिनट के संघर्ष के बाद उसका चाकू छीन पाए। चार के अलावा भी अन्य बदमाश वहां थे। कुछ छत पर बैठे हुए थे तो कुछ घर के सामने खड़े थे। पड़ोसियों के आने पर सब भाग गए। प्रशांत के मुताबिक, जिस तरह आलोक पर बदमाशों ने चाकू से 25 वार किए, पत्नी पर चाकू चलाया, उससे लग रहा है कि बदमाश पूरे परिवार को मार डालने के इरादे से आए थे।
सगीर और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
आलोक की पत्नी खुशबू ने कटरा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में भाजपा नेताओं के करीबी माने जाने वाले सगीर खां डभौरा को नामजद किया है। हालांकि परिवार सगीर खां से परिचित नहीं है। प्रशांत ने बताया कि उसे लोगों से मालूम हुआ है कि सगीर खां का संरक्षण शाहबाज और शहरोज को प्राप्त है। सपा नेता सरताज हत्याकांड में पुलिस ने शहरोज और शाहबाज को उठाया था, लेकिन सगीर ने दबाव बनाकर दोनों को छुड़वा दिया। अगर सगीर ने दोनों को उस समय न छुड़ाया होता और वे लोग जेल चले जाते तो आज उसका भाई जिंदा होता। इसी वजह से सगीर खां भी उनके भाई की हत्या का दोषी है।
