Shahjahanpur: मादक पदार्थ तस्करी में दो युवक गिरफ्तार, दो करोड़ रुपये की अफीम बरामद
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में रविवार रात पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों से दो किलो अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
विस्तार
शाहजहांपुर में एक व्यक्ति की मौत के बाद उसका बेटा अफीम की तस्करी करने लगा। पुलिस ने युवक को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों से पुलिस ने दो किलो अफीम बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
एसपी ग्रामीण मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि थाना जलालाबाद की पुलिस टीम ने रविवार रात करीब नौ बजे जलालाबाद के गांव अतिबरा के निकट निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस–वे बरेली रोड के पास बाइक सवार विकास निवासी ग्राम अकबरपुर थाना मदनापुर और पपिंदर सिंह निवासी ग्राम सीकमपुर थाना जलालाबाद को रोका।
पिता ने तस्करी कर खरीद ली थी 50 बीघा जमीन
तलाशी में उनके पास से दो किलो अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में विकास ने बताया कि पहले उसके पिता रविराम अफीम का धंधा करते थे। उसी से लगभग 50 बीघा जमीन खरीद ली। पिता ने चाचा ब्रजेश के साथ मिलकर फार्म हाऊस बना लिया।
पिता के पास झारखंड का एक व्यक्ति आता था, जो अफीम दे जाता था। उसके पिता अफीम बेच देते थे। करीब छह माह पहले उसके पिता की मृत्यु हो गई। घर में पैसों की तंगी महसूस हुई तो उसने भी पिता के अफीम का धंधा शुरू कर दिया। इस धंधे में अपने दोस्त पपिंदर सिंह को भी मिला लिया। वे लोग अफीम बेचने निकले थे तभी पुलिस ने पकड़ लिया।