शाहजहांपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोलियो की खुराक सभी बच्चों को पिलाने के लिए जागरूकता रैली मंगलवार को निकाली गई। रैली को डीएम उमेश प्रताप सिंह व सीएमओ एसपी गौतम ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली कलक्ट्रेट परिसर से जेल रोड, अंटा चौराहा से होते हुए पुराना जिला जिला अस्पताल में समापन हुआ। रैली में शामिल स्कूली बच्चों, स्वास्थ्यकर्मियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां रहीं। डीएम उमेश प्रताप ने कहा कि देश ने पोलियो जैसी घातक बीमारी पर अपने विभिन्न टीकाकरण अभियानों से विजय प्राप्त कर ली है, लेकिन जीरो से पांच वर्ष के बच्चों के लिए अभी यह खतरे का कारण बना हुआ है।
अपने 0-5 साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं। सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए 999 टीमें गठित की गईं हैं, जोकि 21 से 25 मार्च तक घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की बी-टीम भी गठित की गई है। ये टीम 28 मार्च से कार्यशील होगी और छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। रैली में एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, यूनीसेफ की जिला समन्वयक हुदा जेहरा, डब्ल्यूएचओ से डॉ. कुमार गुंजन आदि शामिल रहे।