Shahjahanpur: रेलवे के बिजलीघर में हीटर पर गिरने से टेक्नीशियन जिंदा जला, आग तापते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
रोजा की रेलवे कॉलोनी स्थित बिजलीघर में टेक्नीशियन रात में ड्यूटी कर रहा था। रात में किसी वक्त वह आग तापते समय हीटर पर गिर गया। उसे बचने तक का मौका नहीं मिला और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह दूसरा कर्मचारी पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोजा की रेलवे कॉलोनी स्थित बिजली घर में शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। उपकेंद्र पर रात की ड्यूटी कर रहे रेलवे कॉलोनी निवासी टेक्नीशियन जय कुमार (35) की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आग सेंकते समय हीटर पर गिरने से उसकी मौत हुई है। उसकी शरीर बुरी तरह जल चुका था।
जानकारी के मुताबिक जय कुमार की रात 12 से सुबह आठ बजे तक ड्यूटी रहती थी। वह शनिवार रात नौ बजे घर से निकला था। रात में ड्यूटी पर चला गया। वह अकेले ही रहता था। बताते हैं कि विद्युत उपकेंद्र पर बड़ा हीटर लगा हुआ है। ठंड से बचने के लिए वह आग सेंकते समय हीटर पर ही गिर गया और जलने से उसकी मौत हो गई।
सुबह हुई घटना की जानकारी
रविवार सुबह पहुंचे एक अन्य कर्मचारी ने उपकेंद्र के अंदर से धुआं निकलता देखा, तब उसने जेई को सूचना दी। उसके बाद जेई अवधेश कुमार मौके पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। काफी मुश्किल से दरवाजा खुला तो अंदर जयकुमार का जला शव पड़ा मिला है। वहीं पर हीटर भी रखा था। हादसे की सूचना के बाद भीड़ लग गई।
फराह से जानकी बनी युवती की कहानी: तीन तलाक-हलाला के डर से बदला धर्म, अयोध्या धाम मंदिर में राम से रचाई शादी
जय कुमार की मां सुशीला देवी बेटे का जला हुआ शव देखकर बेहोश हो गई। आशंका जताई जा रही है कि जय को नींद आ गई होगी, जिससे वह हीटर पर गिरा है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि तापते समय हीटर पर गिरने से मौत होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।