तिलहर। महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को बिरसिंहपुर चौकी के प्रभारी अरुण गौतम ने विद्या इंटर कॉलेज की हाईस्कूल छात्रा गांव धमनपुर निवासी गौरी सिंह चौहान को एक दिन के लिए चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान गौरी ने चौकी प्रभारी के नाते वहां पहुंचे कई लोगों की समस्याएं सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। चौकी प्रभारी ने गौरी को पुलिस के दायित्वों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुनवाई और आमजन से संवाद के तौर-तरीके समझाए। इस मौके पर छात्रा गौरी ने कहा कि एक दिन के लिए चौकी प्रभारी बनाए जाने से उन्हें पुलिस की जिम्मेदारियों का समझने का अवसर मिला और इससे उनमें समाजसेवा की भावना मजबूत हुई है। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अर्चना, ज्योति, पिंकी आदि शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद