Shahjahanpur News: खाद के लिए लगी लंबी लाइन, छीनाझपटी होने पर भाग गए सचिव, पुलिस ने कराया वितरण
शाहजहांपुर जिले में खाद की कमी के चलते उसका वितरण कार्य कानून व्यवस्था के लिहाज से प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। समिति से खाद लेना किसानों के लिए पहाड़ चढ़ने से कम साबित नहीं हो रहा है।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में जलालाबाद के गांव चकचंद्रसेन स्थित मनोरथपुर सहकारी समिति में खाद वितरण से पहले पर्ची बांटे जाने के दौरान किसान सचिव से अभद्रता करने पर आमादा हो गए। सचिव को भागना पड़ा। उनकी ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस ने अपनी मौजूदगी में खाद बंटवाई। कुर्रियाकलां क्षेत्र की समितियों पर भी खाद का संकट का बना है, जबकि निगोही क्षेत्र के किसान खाद समेत गेहूं का बीज नहीं मिलने से परेशान हैं।
जलालाबाद में इन दिनों मनोरथपुर को छोड़कर किसी भी समिति पर डीएपी नहीं है। मंगलवार सुबह से समिति पर खाद पाने वालों की भीड़ जमा हो जाती है। समिति पर उपलब्ध 400 बोरी खाद बांटने से पहले सचिव रमेश शुक्ला ने किसानों को पर्चियां देनी शुरू कीं, लेकिन भीड़ बेकाबू होकर पर्चियों की छीना-झपटी करने लगी। आरोप है कि सचिव ने ऐसा करने से मना किया तो कुछ लोगों ने उनसे धक्का-मुक्की की। किसी तरह वहां से भागकर सचिव थाने पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ अभद्रता करने की तहरीर दी।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ वितरण
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने खाद वितरण कराने के लिए वहां एसआई सहित पुलिसकर्मियों को भेजा। इसके बाद खाद का वितरण शुरू हो सका। एडीओ को-ऑपरेटिव संजय दीक्षित ने बताया कि लोगों द्वारा अभद्रता करने की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। बताया कि एक दो दिन में अन्य समितियों पर भी खाद उपलब्ध हो जाएगी।
कांट ब्लॉक की सहकारी समितियों में गत एक सप्ताह से डीएपी का नया स्टॉक नहीं आने से गेहूं की बोआई पिछड़ रही है। खाद नहीं मिलने से खेतों की नमी भी सूख रही है। किसानों ने गेहूं की बोआई के लिए खेतों को पलेवा कर तैयार किया था। एक सप्ताह से खाद को भटक रहे किसानों को अब दोबारा खेत की सिंचाई करनी पड़ेगी।
किसानों का दर्द
हारगुरैया के किसान नौसे ने कहा कि दो बोरी खाद की जरूरत है, लेकिन तीन दिनों से चक्कर काट रहे हैं। आज बमुश्किल एक बोरी डीएपी की पर्ची मिली है। खाद की समस्या से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। थाथरमई के मोहित सिंह ने कहा कि खाद का वितरण सही तरीके से नहीं हो रहा है। खाद कम होने पर सभी को समान रूप से वितरित की जाए। बाजार में खाद महंगी है और उसकी गुणवत्ता भी संदिग्ध है।
कांट के गांव मल्हपुर निवासी संत कुमार शुक्ला ने कहा कि चार एकड़ खेत के लिए पांच बोरी खाद की जरूरत है। इसके लिए एक सप्ताह से इमलिया समिति जा रहे हैं। पैसा एडवांस जमा है, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। कांट के नगला जाजू के अजीत कुशवाहा ने बताया कि तीन एकड़ खेत की बोआई के लिए चार बोरी डीएपी खाद मांगी है। कई दिन से जमुनिया सहकारी समिति में लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल सकी है।
महंगे दामों पर खाद खरीद रहे किसान
डीएपी खाद न मिलने से किसान मजबूर होकर ब्लैक में महंगे दामों पर खरीद रहे हैं। एक हफ्ते से डीएपी न होने के कारण केंद्र सूना पड़ा है। छोटे किसान केंद्र पर खाद आने का इंतजार कर रहे हैं। इसकी वजह से फसल बोआई में देरी हो रही है। केंद्र प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है की रैक लगने के बाद डीएपी और एनपीके आ सकती है।
उप कृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध है। साधन समितियों की मांग पर खाद भेजी जा रही है। अगर कोई खाद की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। खाद की कमी नहीं है, किसान परेशान न हों।