शाहजहांपुर रेशमा हत्याकांड: आरोपी पति के एनकाउंटर की मांग, मायके वालों ने शव रखकर सड़क पर लगाया जाम
शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में पत्नी के हत्यारोपी पति का एनकाउंटर करने की मांग को लेकर मृतका के मायके वालों ने बुधवार को सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने शव सड़क पर रखकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में रेशमा (23 वर्ष) की हत्या से उसके परिजनों में आक्रोश है। बुधवार को परिजनों ने आरोपी पति का एनकाउंटर करने की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने शव को निगोही डंडिया बाजार के पास रखकर जाम लगा दिया। सीओ सदर ने शव हटवाने का प्रयास किया तो परिजनों से नोकझोंक हो गई।
मंगलवार को पति शिवम ने रेशमा की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। शिवम ने तीन साल पहले रेशमा से प्रेम विवाह किया था। बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसके चलते रेशमा अपने मायके चली गई थी। शिवम एक दिन पहले ही उसे घर लेकर आया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवम समेत चार अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपी शिवम को मौके से ही पकड़ लिया था।
शव रखकर सड़क पर लगाया जाम
बुधवार को रेशमा के मायके वालों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार दिया गया। सुबह परिजनों ने निगोही-डंडिया मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद सीओ सदर शुभम वर्मा भी पहुंचे और अंतिम संस्कार के लिए कहा।
आरोपी पति ने कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्यारोपी शिवम वर्मा ने पुलिस को बताया कि पत्नी रेशमा उसका कहना नहीं मानती थी। अब उसके पास कोई और चारा नहीं रह गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि वह पत्नी की हत्या के इरादे से ही उसे मायके से लेकर आया था।
12वीं की पढ़ाई जारी रखना चाहती थी रेशमा
रेशमा क्षेत्र के ब्रजलाल इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह पढ़ाई जारी रखना चाहती थी और इस साल बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसके भाई राजू का आरोप है कि पिछले साल शिवम ने उसे परीक्षा नहीं देने दी। उसने बताया कि शिवम उसकी बहन के साथ लगातार मारपीट करता था। शिवम के परिवार के लोग भी अंतरजातीय शादी से खुश नहीं थे।