UP: शाहजहांपर में जलालाबाद हाईवे पर निर्माण के लिए 5746 पेड़ काटने की मिली मंजूरी, हटाया जाएगा अतिक्रमण
शाहजहांपुर में 28.300 किमी लंबे बरेली मोड़-जलालाबाद हाईवे के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। वन विभाग की ओर से पेड़ काटने की अनुमित मिल गई है। इसके बाद पीडब्ल्यूडी और प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
विस्तार
शाहजहांपुर में लिपुलेख-भिंड हाईवे के निर्माण के लिए वन विभाग की ओर से 5746 पेड़ काटने की मंजूरी मिल गई है। प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की बृहस्पतिवार को कार्रवाई शुरू कर दी। लोगों ने पहले विरोध किया, बाद में दो दिन में अतिक्रमण हटाने की मोहलत मांगी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का दावा है मार्च तक हाईवे का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
बरेली मोड़ से जलालाबाद के याकूबपुर तक सड़क चौड़ीकरण का काम पेड़ों का कटान नहीं होने की वजह से पिछले दो वर्षों से अटका हुआ था। 28.300 किमी लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। वर्तमान में सड़क सात मीटर चौड़ी है। इसको फोरलेन में दोनों तरफ नौ-नौ मीटर चौड़ा किया जाना है। 2.5 मीटर चौड़े डिवाइडर बनाए जाने हैं। सड़क के दोनों ओर ढाई-ढाई मीटर चौड़ी पटरी बिछाई जाएगी। पूरा मार्ग करीब 25 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा।
पिपरौला व कांट में हटेगा अतिक्रमण
जलालाबाद हाईवे के चौड़ीकरण के लिए वन विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पिपरौला व कांट कस्बा में अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम पहुंची। लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। टीम के साथ लोगों की नोकझोंक भी हुई। टीम को विरोध के चलते लौटना पड़ा। विरोध कर रहे लोगों का कहना है दो दिन की मोहलत दी जाए, ताकि वे खुद ही अतिक्रमण हटा लें।
बता दें कि बरेली मोड़ से जलालाबाद तक फोरलेन का निर्माण कराया जाना है। सड़क से 60 फुट तक अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश हैं। गैर आबादी वाले क्षेत्रों में चौड़ीकरण का कार्य चल भी रहा है। कस्बा कांट में अतिक्रमण हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग पहले ही नोटिस जारी कर चुका था, बावजूद इसके लोग अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हुए।
बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने पिपरौला में 60 फुट तक अतिक्रमण हटाने के लिए निशान लगा दिए हैं। लोगों ने दो दिन में स्वयं से अतिक्रमण हटाने की मोहलत मांगी है। टीम में सदर तहसीलदार सत्येंद्र कटियार, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता दिनेश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह व राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
आंकड़ों की नजर से
- 294.29 करोड़ रुपये की लागत से बनना है फोरलेन
- 5746 पेड़ फोरलेन निर्माण में थे अवरोधक, वे कटेंगे
- 13.08 करोड़ रुपये पेड़ काटने के लिए वन निगम को किए जमा
बरेली मोड़-जलालबाद हाईवे पर भारी यातायात गुजरता है। हाईवे का चौड़ीकरण होने से कस्बे में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। कांवड़ यात्रा पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा, साथ ही आए दिन होने वाले हादसों से निजात मिल जाएगी।
बरेली मोड़-जलालाबाद हाईवे के निर्माण के लिए पेड़ कटान की शासन से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। जल्द ही कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेड़ कटान शुरू हो जाएगा। लोगों से अपील है कि तय समय में सड़क किनारे अवैध निर्माण हटा लें, जिससे समय से निर्माण कार्य पूरा किया जा सके। - रथिन सिन्हा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक