'अंजलि ने खुदकुशी नहीं की': मां बोली- बेटी को मारकर फेंका गया... इसमें दो युवकों के हाथ; कैमरे हो रहे चेक
मृतका की मां के आरोपों के बाद सिंधौली थाने की पुलिस ने चार-पांच स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया है। जिससे पता चल सके कि किशोरी वहां तक कैसे पहुंची या उसे कोई लेकर गया।
विस्तार
पांच दिन पूर्व सिंधौली की कोरोकुइयां नहर पटरी पर मिले किशोरी के शव की शिनाख्त मंगलवार की शाम थाना सदर बाजार क्षेत्र के श्यामतगंज गौटिया निवासी 17 वर्षीय अंजलि के रूप में उसकी मां बबली ने की। उनका आरोप है कि बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि बेटी को मारकर नहर के पास जाकर फेंक दिया गया। इसमें दो युवकों के हाथ हैं।
बबली ने बताया कि पति किशनपाल करीब डेढ़ माह से नोएडा में काम कर रहे हैं। उनके पास बड़ा बेटा अंकित भी पिता के पास चला गया था। बबली ने बताया कि 19 जून को वह किसी काम से बदायूं गई थीं। 17 वर्षीय बेटी अंजलि, 10 वर्षीय पुत्र रोहित, सात वर्षीय वंश और पांच वर्षीय वंशिका घर पर अकेली थी। करीब 10:37 मिनट पर बात हुई तो बेटी घर पर थी। इसके बाद दोपहर एक बजे बेटे रोहित का फोन आया।
उसने बताया कि दीदी अंजलि पूर्वांह्न 11 बजे समोसे लेने के लिए गई थी, जो वापस नहीं आई। इसके बाद बेटी को कई फोन किए, लेकिन फोन बंद जा रहा था। देर शाम बदायूं से लौटने के बाद कैंट चौकी गई। वहां से सदर थाने भेज दिया गया। इसके बाद थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज की गई, लेकिन बेटी की तलाश में लापरवाही बरती गई। दरोगा से अंतिम लोकेशन का पता कराने को कहा था। दरोगा ने कोई मदद नहीं की।
इसके बाद मंगलवार को एसपी ऑफिस गए। वहां मिले अधिकारियों से बेटी की तलाश कराए जाने की मांग की। तब पता चला कि कोरोकुइयां नहर में एक किशोरी का शव मिला है। मोबाइल में फोटो देख बेटी के कपड़ों से शव की शिनाख्त की। बेटी की हत्या की गई है। चेहरे पर कीड़े पड़े हुए थे। उसे वहां ले जाकर डाला गया है। इसमें दो युवकों का हाथ है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी कैमरे किए गए चेक
सिंधौली थाने की पुलिस ने चार-पांच स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया है। जिससे पता चल सके कि किशोरी वहां तक कैसे पहुंची या उसे कोई लेकर गया। सिंधौली इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि कोरोकुइयां, मुड़िया मोड़, पुवायां मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।
डूबने से हुई किशोरी की मौत
बबली ने बताया कि बेटी का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। संभावना है कि चेहरे को किसी जानवर ने नोंच खाया होगा। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के अनुसार, अंजलि की मौत डूबने से हुई है।