शाहजहांपुर: क्रय केंद्रों पर धान की तौल नहीं होने पर नाराज हुए विधायक, तहसीलदार को मौके पर बुलाया
शाहजहांपुर के रोजा क्रय केंद्रों पर धान की तौल न होने से ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने बृहस्पतिवार को नाराजगी जताई। उन्होंने मंडी सचिव को किसानों का धान तत्काल तौलने और व्यापारियों का धान हटाने के निर्देश दिए। किसानों की शिकायत पर तहसीलदार को बुलाकर अभिलेखों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोजा सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की तौल नहीं होने और व्यापारियों का धान केंद्रों के बाहर रखे होने पर ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने नाराजगी जताई। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी सचिव को क्रय केंद्रों के सामने से धान के ढेर और बोरों को हटवाने के साथ ही किसानों के धान की तत्काल तौल कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने क्रय केंद्रों के बाहर व्यापारियों का धान रखा देखकर उन्होंने मंडी सचिव धनंजय कुमार सिंह से आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसान अपनी उपज लेकर आएगा और उसे उतारने की जगह नहीं मिलेगी तो वह बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर होगा। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर मजदूरों के पहचान पत्र बनवाने और जिन केंद्र प्रभारियों के आईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें तत्काल बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी गेट पर डिजिटल ग्रेन मॉइस्चर मीटर लगवाने को कहा, जिससे धान की नमी जांचकर किसानों को टोकन आवंटित किए जा सकें।
तहसीलदार को मौके पर बुलाया
क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों ने विधायक को बताया कि फार्मर रजिस्ट्री होने के बावजूद केंद्र प्रभारी कागजातों में कमी बताकर धान की तौल नहीं कर रहे हैं। इस पर विधायक ने तहसीलदार को मौके पर बुलाकर किसानों के अभिलेखों का तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पांडे को फोन कर बताया कि रोजा मंडी में तिलहर, पुवायां और जलालाबाद क्षेत्र से धान लेकर आने वाले किसानों की उपज उनकी संबंधित तहसील के क्रय केंद्रों पर तौलने की व्यवस्था कराई जाए।