बंडा। जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सैनिक सारज सिंह का बृहस्पतिवार को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया था। शुक्रवार को परिवार वाले अस्थियां लेकर उत्तराखंड के नानकमत्ता के लिए गए। वहां नानक सागर डैम में अस्थियों को जलप्रवाह किया गया।
गौरतलब है कि बंडा के गांव अख्त्यारपुर धौकल निवासी सारज सिंह 11 अक्तूबर को जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। 14 अक्तूबर को शहीद का पार्थिव शरीर घर पहुंचा था। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के लोगों ने सारज सिंह की अस्थियों को बृहस्पतिवार शाम ही एकत्र कर लिया था। शुक्रवार सुबह शहीद सारज सिंह की पत्नी रजविंदर कौर, पिता विचित्र सिंह, मां परमजीत कौर, भाई गुरप्रीत सिंह, मामा गुरमीत सिंह के साथ नानकमत्ता साहिब के लिए रवाना हो गए। वहां नानक सागर डैम में अस्थियों को जलप्रवाह किया गया।