शाहजहांपुर। चैत्र नवरात्र के सातवें दिन शुक्रवार को माता कालरात्रि की आराधना की गई। घरों और मंदिरों में कालरात्रि का आह्वान किया गया। शहर में काली देवी के मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शुक्रवार को खिरनीबाग स्थित काली बाड़ी मंदिर, बड़ी बिसरात में काली देवी मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। सुबह के वक्त मंदिर में दुर्गा सप्तशती तथा मां की स्तुति सामूहिक रूप से की गई तथा भक्तों ने हवन में सामूहिक आहुतियां दीं।
जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। यह सिलसिला दोपहर 12 बजे तक अनवरत चलता रहा। काली देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसी तरह से बाबा विश्वनाथ मंदिर, फूलमती देवी मंदिर, दुर्गा माता मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देवी मां के दर्शन के लिए बच्चे, बूढ़े, जवान, महिला, पुरुषों सभी पहुंचे। काली देवी मंदिर के पुजारी राजकुमार ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कालरात्रि दुष्टों का विनाश करने वाली हैं। मां कालरात्रि की पूजा करने वाले भक्तों पर मां दुर्गा की विशेष कृपा बनी रहती है।