शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति के सभापति डॉ. रतन पाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक विकास भवन सभागार में हुई। सभापति ने विद्युत निगम के हथौड़ा उपकेंद्र के जेई अंकित कुमार तिवारी को फोन लगाया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत को जेई का स्पष्टीकरण तलब कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सभापति ने निर्देश दिए कि एक माह तक जिले के सभी जेई को अचानक कॉल कर कॉल उठाने का डाटा समिति को उपलब्ध कराया जाए। बैठक में पेंशन, ग्रेच्युटी व अन्य देयकों के भुगतान की स्थिति के बारे में विभागों से जानकारी ली गई। लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रकरणों को समयावधि में निस्तारित किया जाए। बजट आवंटन के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्राप्त बजट को समय से खर्च किया जाए। बैठक में सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, विजय बहादुर पाठक, डॉ. सुधीर गुप्ता, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।