Shahjahanpur News: दस दिनों में बंद किए जाए हाईवे पर अवैध कट, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने दिए सख्त निर्देश
शाहजहांपुर जिले में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई अवैध कट बने हुए हैं, जो हादसे का कारण बनते हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने अवैध कटों को बंद करने का निर्देश दिया है।
विस्तार
शाहजहांपुर में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि पूरे जनपद में एक साथ समय-समय पर चेकिंग अभियान चला कर दोपहिया वाहन पर हेलमेट न लगने वालों के चालान किए जाए। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि अपने-अपने क्षेत्रों में नेशनल हाईवे पर बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन एवं ई-रिक्शा नहीं चलने देंगे।
एआरटीओ प्रवर्तन सर्वेश सिंह को डीएम ने निर्देश दिए कि पांच बार से अधिक ब्लैक लिस्टेड वाहन चलते मिलने पर तत्काल जब्त किए जाएं। डीएम ने कहा कि एनएचएआई मार्गों के अवैध कट 10 दिनों में बंद कराएं। अवैध कट बनाने वालों को चिह्नित कर एफआईआर दर्ज कराई जाए।
अवैध कटों की वजह से होते हैं हादसे
लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजा थाना क्षेत्र की गुर्री चौकी से मीरानपुर कटरा के हुलासनगरा रेलवे फाटक तक 45 कट हादसे का सबब बन रहे हैं। इसमें 30 कट लोगों ने रास्ता सुलभ बनाने के लिए स्वयं बना लिए हैं। शार्ट कट के चलते बोल्डरों को तोड़ दिया है, साथ ही जमीन को खोदकर निकलने का रास्ता बना लिया है। इनसे गुजरने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगों को निकलने के लिए एनएचएआई ने 15 कट (रास्ते) दिए थे। यहां पर दुर्घटना रोकने की व्यवस्था भी की गई थी। लेकिन, लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार गांव और प्रतिष्ठान के नजदीक अवैध कट खुद ही बना डाले हैं। सोमवार को परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और एनएचएआई के अफसरों ने निरीक्षण किया तो उन्हें गुर्री से लेकर हुलासनगरा तक 45 कट मिले। इनकी वजह से ही इन मार्गों पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।
अस्थायी डिवाइडर खिसकाकर बनाए अवैध कट
हरदोई चौराहा से बरेली मोड़ के बीच में चांदापुर चौराहा पर अवैध कट को कुछ दिन पहले अस्थायी डिवाइडर के रूप में पत्थर रखकर बंद कर दिया गया था। अब लोग पत्थरों को खिसकाकर अवैध कट बनाकर बेधड़क गुजर रहे हैं। यहां पर कोई संकेतक नहीं लगा है। वाहनों की आवाजाही भी अधिक होती है।
कान्हा गोआश्रय स्थल के पास भी तोड़फोड़ कर अवैध कट बना लिया गया है। यहां से गुजरने के दौरान तेज रफ्तार वाहन आने पर लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसी तरह तिलहर क्षेत्र में हाईवे स्थित पूर्वी भक्सी तिराहा के पास लोगों ने खोदाई कर कट बना लिया है। यहां पर बहुतायात में लोग गुजरते हैं।
यह है कट बनाने का नियम
एनएचएआई के अनुसार कम से कम दो किमी पर मानक के अनुसार वैध कट बनाया जा सकता है। बीच में कोई चौराहा और तिराहा पड़ रहा है तो जरूरत के अनुसार कट बना सकते हैं।
पीडी एनएचएआई सौरभ चौरसिया ने कहा कि रोजा से हुलासनगरा तक 45 कट बने हुए हैं। इनमें 15 से 20 को बंद कराया जाएगा। शेष स्थानों पर हादसों से बचाव के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे।