शाहजहांपुर: रोडवेज बस अड्डे का प्रधान लिपिक घूस लेते गिरफ्तार, ड्यूटी लगाने के नाम पर लिए थे चार हजार रुपये
एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने यहां प्रधान लिपिक को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। उस पर चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोडवेज बस अड्डे पर तैनात प्रधान लिपिक नृपेश सिंह को बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। लिपिक पर चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। टीम की कार्रवाई से रोडवेज बस अड्डे पर खलबली मच गई।
एंटी करप्शन टीम के अनुसार, प्रधान लिपिक के खिलाफ चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। चालक सुनील मिश्रा ने रुपये मांगने की शिकायत की थी। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे टीम रोडवेज बस स्टेशन पहुंची और लिपिक को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
प्रधान लिपिक ने ली थी चार हजार रुपये की रिश्वत
योजनाबद्ध तरीके से टीम ने प्रधान लिपिक को चार हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी को अपने साथ सदर बाजार थाने ले गई। वहां उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ड्यूटी लगाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में हुई इस कार्रवाई से रोडवेज विभाग में चर्चा शुरू हो गई। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। जिस समय कार्रवाई हुई। उस समय हम कार्यालय में नहीं थे।