Shahjahanpur News: गोकशी कर रहे तस्करों को पुलिस ने घेरा, मुठभेड़ में सिपाही समेत चार को लगी गोली
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में शुक्रवार रात गो तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में एक सिपाही के हाथ में गोली लगी है। वहीं तीन तस्करों के पैर में गोली लगी है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में नहर की पटरी पर गोकशी का प्रयास कर रहे तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग में सिपाही समेत चार लोग जख्मी हुए हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के चलते इंस्पेक्टर कटरा पवन पांडेय बाल-बाल बच गए। उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी।
शुक्रवार रात में मीरानपुर कटरा पुलिस ने गश्त के दौरान ग्राम खैरपुर के पास कमलापुर नहर पुलिया के नजदीक खैरपुर गांव की ओर गोवंशीय पशु को मारने का प्रयास करते समय तस्करों को घेर लिया। पुलिस के ललकारने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही भूरा तोमर के बायें हाथ में गोली लगी।
तीन तस्करों के पैर में लगी गोली
इंस्पेक्टर पवन पांडेय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अकील व मोहम्मद वारिस निवासी मीरपुर थाना बीसलपुर (पीलीभीत) व हाल पता मारिया मीट फैक्टरी नकटरिया बरेली, रेहान निवासी मोहल्ला नादिर शाह थाना कटरा पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने भाग रहे आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। यह बीसलपुर के ग्राम रसिया खानपुर का रहने वाला है। आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस, गोकशी में प्रयोग होने वाला सामान मिला है। सूचना पर एसपी देहात मनोज अवस्थी ने मौका-मुआयना किया। उन्होंने बताया कि बरेली के थाना इज्जतनगर के गांव परता चौधरी निवासी आरिफ व शाकिर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।