शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, शादी में जा रहे थे सभी
शाहजहांपुर में खुटार-बंडा मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में जा रहे थे।
विस्तार
शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ है। सोमवार को सुबह शादी समारोह में शामिल होने जा रहे पिता-पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। बाइक पर सवार तीसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा की तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से हुआ।
थाना खुटार के गांव मलिका निवासी शिवमंगल सिंह (55) अपने 34 वर्षीय पुत्र अनुज सिंह व गांव के ही 80 वर्षीय अयोध्या सिंह को साथ लेकर बाइक से बंडा के गांव चिकटिया निवासी अनमेज सिंह के यहां शादी समारोह में जा रहे थे। शिवमंगल के मामा अनमेज सिंह की पुत्री की बरात रविवार को आई थी।
ये भी पढ़ें- पांच मौतों से दहला हाफिजगंज: बरेली में नीचे तक झूलते तार बने जानलेवा; बारिश में बिजली के खंभों से रहें दूर
किसी कारणवश वे लोग रविवार को शादी समारोह में नहीं पहुंच सके थे। सोमवार सुबह करीब दस बजे शिवमंगल अपने बेटे अनुज व अयोध्या सिंह के साथ बाइक से अनमेज सिंह के यहां जा रहे थे। तभी बंडा-खुटार मार्ग पर चौधरी पेट्रोल पंप के आगे सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- खतना मामले में बड़ी कार्रवाई: बरेली के डॉ. एम खान अस्पताल का लाइसेंस निलंबित, शासन को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट
मृतकों के परिवारों में मचा कोहराम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बंडा के सीएचसी में भर्ती कराया। यहां शिवमंगल व उसके पुत्र अनुज को मृत घोषित कर दिया गया। अयोध्या सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। शिवमंगल व पुत्र अनुज की मौत की खबर उनकी रिश्तेदारी में पहुंची तो शादी में शामिल हुए सभी रिश्तेदार बंडा सीएचसी में पहुंच गए। मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। उधर, हादसे के बाद कार चालक मौके से चला गया। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।