शाहजहांपुर। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने मकसूदापुर स्थित बजाज चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से किसानों और उनके परिवारों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो रहा है। किसानों ने चीनी मिल के खिलाफ कार्रवाई कर बकाया भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की।
इसके अलावा किसानों को समय से डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, छुट्टा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान से निजात दिलाने समेत अन्य मांगें रखीं। इस दौरान जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव, युवा जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह, राशीराम वर्मा, रामजी शर्मा, अनिरुद्ध राज और हेतराम आदि मौजूद रहे। संवाद