श्वान की अंतिम विदाई: बीमारी के चलते जैक की मौत, एसपी ने दी अंतिम सलामी, सूबेदार के तौर पर कई घटनाओं का किया था खुलासा
पुलिस के खोजी दस्ते में शामिल लूसी के रिटायर होने के बाद जैक की आमद हुई थी। 13 जनवरी 2016 को जन्मे जैक ने नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग्स के बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर टेकनपुर ग्वालियर मध्य प्रदेश से ट्रेनिंग प्राप्त की थी। 16 सितंबर 2017 को फैजाबाद में पहली पोस्टिंग हुई थी।
विस्तार
शाहजहांपुर में कई बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में मदद करने वाले पुलिस का डॉग स्क्वाड जैक (श्वान) की सोमवार रात मौत हो गई। उसकी मौत पर पुलिस लाइन में शोक सलामी दी गई। एसपी एस आनंद समेत कई अधिकारियों ने शहीद स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। डॉग स्क्वाड में सूबेदार पद पर कार्यरत रहे जैक ने बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
पुलिस के खोजी दस्ते में शामिल लूसी के रिटायर होने के बाद जैक की आमद हुई थी। 13 जनवरी 2016 को जन्मे जैक ने नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग्स के बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर टेकनपुर ग्वालियर मध्य प्रदेश से ट्रेनिंग प्राप्त की थी। 16 सितंबर 2017 को प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद फैजाबाद में पहली पोस्टिंग हुई थी। वहां ड्यूटी करने के बाद 26 जुलाई 2018 को तबादला होने पर पुलिस लाइन में लाया गया था।
उसके हैंडलर नीति कुमार के निर्देशन में जैक ने कई घटनाओं का खुलासा करने में अहम रोल अदा किया। उसके निधन पर अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक की आंखें भर आईं। मंगलवार को पुलिस लाइन में शहीद स्तंभ के पास जैक का पार्थिक शरीर रखा गया। एसपी एस आनंद, एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेई, सीओ सिटी सरवणन टी और आरआई रईस खान ने शोक सलामी दी।
इन घटनाओं के खुलासे में निभाई अहम भूमिका
- 11 जनवरी 2020 को बंडा के गांव महमूदापुर में दिनेश हत्याकांड में उसके भाई धर्मेंद्र को कई व्यक्तियों के बीच खड़े होने के बाद भौंकते हुए उसका हाथ पकड़ लिया था। विवेचना के बाद धर्मेंद्र ही हत्यारा निकला था।
- 17 नवंबर 2020 को सिंधौली के गांव रामपुरा तहरपुर में संजू की हत्या में जैक ने घटनास्थल पर जाने के बाद तंबाकू और पान मसाला के खाली पैकेट के आधार पर अभियुक्त गुड्डू के घर पहुंच गया। पुलिस ने विवेचना में अभियुक्त गुड्डू ही आरोपी निकला था। घटना के बाद जैक को प्रशंसा पत्र भी दिया गया था।
- 9 मार्च 2019 को पड़ोसी जनपद लखीमपुर खीरी में हुई लूट व हत्या की घटना में बिखरे पड़े सामान व जमीन पर पड़े कपड़े व चप्पल के जरिए भीड़ में अभियुक्तों की पहचान कर ली थी। लखीमपुर पुलिस ने उसे प्रशंसा एवं सराहना की थी।
- बंडा थाना क्षेत्र में नारायण हत्याकांड व श्रीनिवास हत्याकांड में सराहनीय कार्य किया।
एसपी ने कहा कई अपराधियों को पकड़वाने में जैक ने निभाया अहम रोल
एसपी एस आनंद ने कहा कि डॉग स्क्वाड दल में शामिल जैक सूबेदार रैंक का था। पिछले कुछ दिन से जैक के बीमार होने पर उसका इलाज चल रहा था। जैक ने कई साजिशों को टाला। वह बहुत अच्छा ट्रैकर था। कई घटनाओं में जब पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल रहा था तब जैक ने अहम रोल अदा कर अपराधियों को गिरफ्तार कराने में मदद की।