शाहजहांपुर। कोलाघाट पुल पर यातायात शुरू कराने की मांग को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ ग्रामीण धरने पर बैठ गए। आंदोलन को जलालाबाद और कलान तहसीलों की बार एसोसिएशन, भारत परिषद सहित कई संगठनों ने समर्थन दिया है।
आम आदमी पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष तारा यादव, भाकियू जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव अखिल भारतीय जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी विनोद यादव के साथ रामगंगा के किनारे नवैया घाट के निकट तंबू लगाकर बैठ गए। तमाम ग्रामीण भी एकत्र हो गए। तारा यादव ने कहा कि ध्वस्त हुए कोलाघाट पुल के हिस्से की मरम्मत का कार्य पूर्ण हुए एक माह से भी अधिक समय हो चुका है। बावजूद पैदल और बाइक सवारों को नहीं निकलने दिया जा रहा। नाव चालकों से होने वाले लाभ के चलते पुल न शुरू करने का आरोप लगाया। उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि जब तक पुल चालू नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। भारत परिषद के प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरीशंकर त्रिवेदी ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।
धरनास्थल पर पहुंचे मिर्जापुर के थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने कोलाघाट पुल निर्माण इकाई (सेतु निगम) बरेली के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर (डीपीएम) ब्रजेंद्र मौर्य से तारा यादव की मोबाइल पर बात कराई। डीपीएम ने जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुल चालू किए जाने की बात कही। आंदोलन का आप जिलाध्यक्ष राजीव यादव, तहसील जलालाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाषचंद्र मिश्र व महासचिव विपिन कुमार मैथिल, वित्तविहीन शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह, व्यापारी अजय गुप्ता, दीपक नंदवंशी, प्रधान संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन मिश्रा ने समर्थन किया है।
कार्य से विरत रहेंगे वकील
जलालाबाद। कोलाघाट पुल से यातायात शुरू कराने की मांग को लेकर सोमवार से शुरू हुए आंदोलन को बार संघ ने भी अपना समर्थन दिया है। बार के महासचिव विपिन मैथिल ने बताया कि अधिवक्ताओं की बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन को समर्थन देने तथा एक दिन के लिए न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता पुल से दोपहिया व हल्के वाहनों का आवागमन शुरू कराने की मांग पहले से ही करते आ रहे हैं।