{"_id":"571bc9e84f1c1bf9288b4d6a","slug":"rosa-plant-two-guards-killed-in-mysterious","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोजा प्लांट के दो गार्डों की संदिग्ध हालात में मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
रोजा प्लांट के दो गार्डों की संदिग्ध हालात में मौत
ब्यूरो /शाहजहांपुर
Updated Sun, 24 Apr 2016 12:59 AM IST
विज्ञापन
रोजा प्लांट के दो गार्डों की संदिग्ध हालात में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई रोड स्थित रिलायंस थर्मल पावर प्लांट के दो संविदा सुरक्षा कर्मियों की शनिवार तड़के संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर वालों ने प्लांट प्रबंधन पर हत्या कर बाहर फेंकने का आरोप लगाया है जबकि प्रबंधन इसे हादसा बता रहा है। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया। दोनों शवों के सिर, सीने और पैर में अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला है। एक गार्ड के पैर में फ्रैैक्चर और लिवर-किडनी भी क्षतिग्रस्त हुई है। दोनों मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब छह घंटे तक जाम लगाया। मौके पर पहुंचे राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा और एमएलसी संजय मिश्रा ने प्लांट अधिकारियों से वार्ता कर दोनों परिवारों को 12-12 लाख रुपये और एक-एक सदस्य को नौकरी दिलाने का समझौता कराया। मृतक 40 वर्षीय मदन लाल पड़ोसी गांव ग्वारी और 30 वर्षीय मुकेश मिश्रा आटा खुर्द का निवासी था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने प्लांट के सामने स्थित सूखे नाले में दोनों को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा तो परिजनों को सूचित किया। दोनों के सिर, हाथ और पैर पर चोट के निशान थे। उनके असलहे उनसे करीब सौ-डेढ़ सौ मीटर और जूते 50 मीटर दूर पड़े हुए थे। परिजन मौके पर पहुंचे तो मुकेश की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाकर मुकेश को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई। मदन की मौके पर ही मौत हो गई थी। परिजनों ने प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को पावर प्लांट के सामने रखकर प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों को बिजली के झटके देने और पीटने के बाद मरा समझकर बाहर फेंका गया। मदन के पिता रामस्वरूप ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की गर्दन पर पीछे की ओर से और हाथ पर गोली लगी है एवं पैरों पर बिजली के तार से दागा गया है। पीठ पर भी काले चकत्ते हैं जो दागे जाने का संकेत कर रहे हैं। जाम की सूचना पाकर सीओ सिटी विजय शंकर मिश्रा और एसडीएम सदर एपी श्रीवास्तव रामचंद्र मिशन, रोजा, कोतवाली, सदर, सेहरामऊ थानों की फोर्स एवं पीएसी लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। सूचना पर राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्लांट के अधिकारियों से बात करते हुए मृतकों के परिजनों को बीमे के पांच-पांच लाख रुपये और मुआवजे के तौर पर सात-सात लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाई। उधर, पुलिस ने प्लांट के सीसीटीवी फुटेज के हवाले से बताया कि दोनों सुरक्षा गार्डों को रात 3.42 बजे कोई अज्ञात वाहन टक्कर मार गया जिसकी वजह से दोनों की मौत हो गई। कैमरे के फुटेज परिजनों को दिखाए गए तो उन्होंने कहा कि साफ न दिखाई देने पर पता नहीं चल रहा पा रहा कि किसको कौन टक्कर मार गया।
विज्ञापन