बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा मुआवजा: सीएम योगी ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, मिर्जापुर में बांटी राहत सामग्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को शाहजहांपुर के मिर्जापुर पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। इसके बाद शिवमंगल सिंह डिग्री कॉलेज में मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना समेत जिले के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विस्तार
शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाढ़ग्रस्त मिर्जापुर और कलान क्षेत्र का हवाई दौरा किया। इसके बाद उन्होंने मिर्जापुर के शिवमंगल सिंह डिग्री कॉलेज में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार आपदा के समय आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ितों की हरसंभव मदद का प्रयास किया जा रहा है। हर पीड़ित को राहत सामग्री में 10 किलो चावल, आटा, आलू, दाल आदि दे रहे हैं। एंटी स्नेक वैक्सीन भी हर सीएचसी पर उपलब्ध करा दी गई है। पशुओं के चारे का इंतजाम भी किया गया है। जिला प्रशासन से आपदा राहत के मुआवजे की धनराशि देने के निर्देश दिए हैं। मकान गिरने पर नया मकान पीएम और सीएम आवास योजना के जरिये दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सुरक्षा में बड़ी लापरवाही: शाहजहांपुर में सीएम योगी के कार्यक्रम स्थल पर कूलर में लगी आग, मची अफरातफरी
पीड़ित किसानों को मिलेगा मुआवजा
उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए फसल का नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट शासन को देने को कहा गया है ताकि किसानों को मुआवजा दिया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से लोग परेशान होते हैं। इसके लिए सिंचाई विभाग को स्थायी समाधान के लिए निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि शाहजहांपुर में क्षतिग्रस्त कोलाघाट पुल के स्थान पर नया पुल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने नियत कार्यक्रम से करीब एक घंटे 40 मिनट विलंब से पहुंचे थे। उन्हें 12:35 मिनट पर आना था लेकिन वह 01:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। करीब 02:30 पर वह हेलिकॉप्टर से वापस रवाना हो गए। इस दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी साथ रहे।