ये कैसी सफाई: नालियों की गंदगी निकाल दुकानों के सामने डाल गए सफाईकर्मी, बदबू से परेशान हुए दुकानदार
शाहजहांपुर में शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने सदर बाजार में नालियों की सफाई की। नालियों से कूड़ा कचरा निकालकर दुकानों के सामने डाल दिया। इसके बाद चले गए। दुकानों के सामने गंदगी होने से दुकानदारों को परेशान होना पड़ा।
विस्तार
शाहजहांपुर में धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर एक ओर जहां बाजार सज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के सफाई कर्मचारी बाजार में सफाई के नाम पर गंदगी फैला रहे हैं। शनिवार सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारी शहर के सदर बाजार पहुंचे। सफाई के नाम पर नालियों से कूड़ा निकाल कर दुकानों के सामने लगा दिया। जब दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों को खोलने पहुंचे तो गंदगी का ढेर शटर के पास देखकर परेशान हो गए।
अफसरों ने भी नहीं दिया जवाब
दुकानदारों ने सफाई कर्मियों से कूड़ा उठाने के कहा गया तो कल, परसों उठाए जाने की बात कही गई। जब क्षेत्रीय सफाई नायकों को फोन करके नाली की सफाई कर निकलकर रखे गए कूड़े के ढेर को हटवाने को कहा। लेकिन उनके द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद अधिकारियों को भी फोन लगाए गए। व्यापारियों ने बताया कि अधिकारियों ने भी कोई उत्तर नहीं दिया। ऐसे में त्योहारी सीजन के दौरान लापरवाही बरते जाने से बाजार में गंदगी पसरी रही। जिससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदार हुए परेशान
मिठाई विक्रेता आशु गुप्ता ने कहा कि सुबह आठ बजे के करीब नगर निगम के सफाईकर्मी सदर बाजार में सफाई करके गए हैं और कूड़ा निकल कर सड़क किनारे लगा गए। दोपहर के साढ़े 12 बज गए लेकिन उठान नहीं किया गया। अब कब उठेगा इसका कोई पता नहीं है।
शोभित ने कहा कि सफाई कार्य के दौरान नालियों की गंदगी निकाल कर दुकानों के आगे लगाया जाना गलत है। मैंने क्षेत्रीय सफाई नायक, मुख्य सफाई निरीक्षक और अपर नगर आयुक्त को फोन लगाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। त्योहारी सीजन में ये लापरवाही ठीक नहीं है।
खबर से संबंधित वीडियो...