फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Civic Amenities

पुवायां में गरजी जेसीबी, हाईवे किनारे अतिक्रमण कर बनाई कई दुकानें ध्वस्त

Sat, 17 Jul 2021 12:16 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sat, 17 Jul 2021 12:16 AM IST
विज्ञापन
Civic Amenities
पुवायां (शाहजहांपुर)। एसडीएम, नायब तहसीलदार, एनएचएआई के अधिकारियों की अगुवाई में शुक्रवार को राजीव चौक से खुटार रोड तक अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुवायां, बंडा, खुटार और सिंधौली की पुलिस के साथ ही पीएएसी भी मौजूद रही।
विज्ञापन

गौरतलब है कि पुवायां के कौशलेंद्र मिश्रा ने अधिकारियों को पत्र भेजकर बताया था कि पुवायां में राजीव चौक से खुटार तक गाटा संख्या 487 पर नेशनल हाईवे बना है। तमाम लोगों ने हाईवे की जगह पर कब्जा कर दुकानें बना ली हैं। उन्होंने अवैध कब्जे हटवाए जाने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर कौशलेंद्र ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। 11 जनवरी 2021 को हाईकोर्ट ने शाहजहांपुर प्रशासन को छह सप्ताह में मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया था, लेकिन कब्जे नहीं हटवाए गए थे।
विज्ञापन

समय सीमा बीत जाने के कौशलेंद्र मिश्रा ने हाईकोर्ट में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए अधिकारियों को पूर्व आदेश का पालन कराने को एक मौका दिया तो अधिकारियों में खलबली मच गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

14 जुलाई को एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर, एसडीएम सतीश चंद्रा पुलिस फोर्स और राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पैमाइश कराई। 15 जुलाई को फिर से पैमाइश कराई गई और दुकानदारों से अवैध कब्जे हटा लेने को कहा गया। शाम को नायब तहसीलदार जेसीबी और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो दुकानदारों ने टिन आदि हटानी शुरू कर दी।
इधर, शुक्रवार सुबह तक अतिक्रमण नहीं हट सका और पक्का निर्माण भी नहीं हटा तो एसडीएम सतीश चंद्रा, नायब तहसीलदार, एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सर्किल के सभी थानों का फोर्स मौके बुला लिया। पीएएसी भी बुला ली गई। दो जेसीबी भी मौके पर पहुंची तो दुकानदार दुकानों का सामान हटाने लगे। कुछ लोग अतिक्रमण हटाने की समय सीमा बढ़ाने की मांग करने लगे, लेकिन अधिकारियों ने इससे साफ इनकार कर दिया और सबसे पहले कमल भट्ट की दुकान जेसीबी से ढहा दी गई और इसके बाद अन्य लोगों के अवैध कब्जे भी हटा दिए गए। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता केपी मिश्रा, अमीन राजीव श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
-
...तो एनएचएआई को हो गया बहुत बड़ा फायदा
पुवायां। शाहजहांपुर पलिया हाईवे पुवायां कस्बे के बीच से निकला है। पुवायां कस्बे में हाईवे के फोरलेन बनने के लिए पर्याप्त जगह है, लेकिन राजीव चौक से बस स्टैंड तक हाईवे के दोनों ओर दुकानें नजदीक बनी होने के कारण यहां पर फोरलेन में समस्या आ रही थी।
इस कारण फोरलेन को पुवायां में बाईपास बनाए जाने की येाजना थी और इसके लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई थी, लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटने से एनएचएआई की यह समस्या हल हो गई है।
फोरलेन के लिए पर्याप्त जगह मिलने के बाद अब कसबे के अंदर से ही फोरलेन बनाई जा सकती है। इससे एनएचएआई को करोड़ों की बचत होगी। अतिक्रमण हटने से एनएचएआई के अधिकारी खुश नजर आए।
-
कई दुकानदार नहीं बचा सके सामान
दुकानों के टूटने के बारे में प्रशासन ने कई घंटे पूर्व ही दुकानदारों को सूचित किया था। अनाउंसमेंट भी कराया गया। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने अपना सामान निकाल लिया, लेकिन कुछ ने अपना कोई सामान नहीं निकाला। उनको उम्मीद थी कि हर बार की तरह इस बार भी प्रशासन उनको दुकानें खाली करने का समय देगा। पहले कई बार समय सीमा निर्धारित होने के बाद भी दुकानदारों के नहीं हटने पर इस बार प्रशासन सख्त नजर आया और जेसीबी से दुकानें तुड़वा दी गईं।
-
एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर पर भड़के एसडीएम
हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में कुछ लोगों की दुकान पीछे तक तुड़वाने और कुछ को राहत देने के लिए एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर ने जेसीबी मशीन का रुख अन्य दुकानों की ओर करा दिया। कार्रवाई में भेदभाव देखकर एसडीएम सतीश चंद्रा का पारा हाई हो गया और उन्होंने डिप्टी मैनेजर से नाराजगी जाहिर करते हुए सभी अवैध कब्जेदारों के खिलाफ समान कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश का पूरा पालन कराया जाए।
-
संपत्ति बचाने जिला पंचायत के भी वरिष्ठ सहायक भी पहुंचे
हाईकोर्ट ने आदेश देते हुए गाटा संख्या 487 एनएचएआई की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के आदेश दिए थे। इसके पीछे गाटा संख्या 486 जिला पंचायत की संपत्ति है। जिला पंचायत ने इसका आवंटन तमाम लोगों को कर रखा है। जिला पंचायत के संपत्ति विभाग के वरिष्ठ सहायक अनिल द्विवेदी ने मौके पर आकर कई स्थानों पर अपनी जगह बताकर दुकानों को ढहने से बचाने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने कहा कि लेखपाल ने नाप करके निशान लगाए हैं। इसके बाद जो जगह बचती है वहां से आपका एरिया शुरू होता है।

-
मैनेजर ने जमीन को राज परिवार की बताया
पुवायां राज परिवार के मैनेजर गंगाराम मिश्रा ने एसडीएम को पत्र देकर बताया कि पुवायां में खुटार रोड पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसमें राजीव गांधी की प्रतिमा की भूमि और पास की खुटार और बंडा रोड की चार-चार दुकानें राज परिवार की निजी संपत्ति हैं। यह भूमि राज परिवार के नाम सरकारी अभिलेखों में भी दर्ज है। राज परिवार की निजी जमीन को भी सरकारी संपत्ति दर्शाया गया है, जो गलत है। गंगाराम मिश्रा ने निजी भूमि पर कोई क्षति नहीं पहुंचाने की मांग की।
-
हाईकोर्ट के आदेश के बाद दुकानदारों को समय दिया गया था। इसके बाद भी अवैध कब्जे नहीं हटने पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटवा दिया गया है।
-सतीश चंद्रा, एसडीएम पुवायां
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed