{"_id":"662c408640305a85b208a646","slug":"children-of-six-years-of-age-are-not-being-found-for-new-admission-shahjahanpur-news-c-122-1-sbly1040-117508-2024-04-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shahjahanpur News: नए प्रवेश के लिए ढूंढ़े नहीं मिल रहे छह साल की आयु के बच्चे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahjahanpur News: नए प्रवेश के लिए ढूंढ़े नहीं मिल रहे छह साल की आयु के बच्चे
Sat, 27 Apr 2024 05:32 AM IST
बरेली ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 27 Apr 2024 05:32 AM IST
विज्ञापन
कंपोजिट विद्यालय रोटी गोदाम में पढ़ते बच्चे। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों का शैक्षिक सत्र शुरू हुए महीना भर होने जा रहा है, लेकिन कक्षा एक में प्रवेश के लिए छह साल की उम्र के छात्र-छात्रा नहीं मिल रहे हैं। इस कारण शिक्षकों को मशक्कत करनी पड़ रही है।
छह साल से कम आयु के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केंद्रों में कराया जाएगा। जिले में 2,720 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें पिछले शैक्षिक सत्र में साढ़े तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे। एक अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। इस सत्र में कक्षा एक में छह साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों को ही प्रवेश देने का नियम है। इस कारण परिषदीय विद्यालयों के शैक्षणिक स्टाफ को कक्षा एक में छात्र-छात्राओं के नामांकन कराने में दिक्कत हो रही है।
विज्ञापन
वर्तमान में कक्षा एक में कहीं पर दो और किसी स्कूल में आठ छात्र-छात्राओं का ही प्रवेश हो पाया है, जोकि अपेक्षित नामांकन से काफी कम है।
प्रधान, सभासद और पार्षदों से कर रहे संपर्क
-दाखिलों के लिए शिक्षकों को ग्राम प्रधानों व निकायों के सभासदों, पार्षदों की मदद लेनी पड़ रही है। उनके जरिये अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है ताकि विद्यालय में नामांकन बढ़ाए जा सकें। जबकि, अभिभावक पांच वर्ष की आयु पूरी होते ही अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं।
विज्ञापन
पिछले वर्ष लागू हुआ था नया नियम
- परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के मुताबिक पिछले शैक्षिक सत्र में छह वर्ष की आयु के बच्चों के प्रवेश वाला नियम लागू हुआ था, तब भी निर्धारित आयु के बच्चे नहीं मिल पा रहे थे। इसलिए साढ़े पांच साल की उम्र वाले बच्चों का प्रवेश लिया गया था। इस सत्र में भी कम आयु सीमा में प्रवेश लेने के निर्देशों का इंतजार हो रहा है।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम की गाइडलाइन के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में छह वर्ष की उम्र पूरी कर चुके बच्चों का नामांकन करने का नियम है। छह साल से कम आयु के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केंद्रों में कराया जाएगा। नामांकन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। - रणवीर सिंह, बीएसए