प्यार में जाति का जहर: प्रेमिका की बरात से पहले प्रेमी की मौत, फोन आने पर घर से निकला था; लड़की पर लगा इल्जाम
मृतक के भाई अंशु ने बताया कि युवती से गोपी की दोस्ती काफी लंबी थी। दोनों की जाति अलग थी। अंशु ने मौत का जिम्मेदार युवती को बताया है।
विस्तार
प्रेमिका की बरात आने से पहले प्रेमी ने आम के पेड़ में रस्सी से फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह उसका शव लटकता मिला है। मृतक के भाई ने युवती को मौत का जिम्मेदार बताया है। मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना तिलहर क्षेत्र के बरैंचा गांव निवासी 20 वर्षीय गोपी सिंह का चार साल एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों की जाति अलग होने के चलते परिवार के लोग विवाह के लिए राजी नहीं थे। इसे लेकर गोपी काफी परेशान था।
कॉल आने पर रात को घर से निकल गया था गोपी
गुरुवार को प्रेमिका की बरात आना थी। भाई अंशु ने बताया कि बुधवार रात कॉल आने के बाद गोपी घर से निकल गया था। आधी रात तक परिजन इंतजार करते रहे। उसके बाद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सुबह में आम के पेड़ से फंदे से उसका शव लटका मिला। पूर्व प्रधान की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देख बिलख पड़े।
भाई ने प्रेमिका को ठहराया गोपी की मौत का जिम्मेदार
मृतक के भाई अंशु ने बताया कि युवती से गोपी की दोस्ती काफी लंबी थी। दोनों की जाति अलग थी। अंशु ने मौत का जिम्मेदार युवती को बताया है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।